अमृतसर, ( नितिन ): पंजाब सरकार द्वारा महान क्रांतिकारी शहीद मदन लाल ढींगरा के 117वें शहीदी दिवस को समर्पित अमृतसर में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक, गोल बाग, अमृतसर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के संसदीय कार्य मामले, प्रवासी भारतीय मामले एवं जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह शामिल हुए, जबकि विशेष अतिथि के रूप में लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ., विधानसभा हलका अमृतसर केंद्रीय के विधायक डॉ. अजय गुप्ता, अमृतसर दक्षिणी के विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, अमृतसर पूर्वी की विधायक श्रीमती जीवन ज्योत कौर तथा विधानसभा हलका बाबा बकाला साहिब के विधायक स. दलबीर सिंह टोंग शामिल हुए।

सबसे पहले दोनों कैबिनेट मंत्रियों एवं विधायकगण ने शहीद मदन लाल ढींगरा की प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भेंट की। इस अवसर पर उनके साथ मेयर श्री जतिंदर सिंह मोती भाटिया, डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा, एस.डी.एम. अमृतसर-2 श्रीमती अलका कालिया, नगर निगम अमृतसर की डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा, आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान स. सरबजोत सिंह धंजल, जरनैल सिंह ढोट, सतपाल सिंह सोखी, काउंसलर विक्की दत्ता, जिला मीडिया इंचार्ज सतनाम सिंह मठारू तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस राज्य स्तरीय समारोह की सफलता में शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक की संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. लक्ष्मी कांता चावला, स्मारक के अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा तथा बीबी माला चावला द्वारा विशेष सहयोग दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान की ओर से शहीद मदन लाल ढींगरा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि शहीदों की कुर्बानियों के कारण ही हमारा देश आजाद हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के लिए कुर्बानियां देने वाले शहीद और उनके परिवार देश की अनमोल विरासत एवं पूंजी हैं तथा आज की युवा पीढ़ी को शहीदों द्वारा दिखाए गए मार्ग से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए लाखों देशभक्तों एवं वीर योद्धाओं ने कुर्बानियां दीं, जिनकी बदौलत हम आज आजाद वातावरण में सांस ले रहे हैं और इस आजादी को कायम रखना भी हमारा दायित्व है।

कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा केंद्र सरकार के माध्यम से ब्रिटेन की सरकार तक पहुंच कर शहीद मदन लाल ढींगरा की निशानियां उनकी जन्मभूमि अमृतसर में लाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शहीद मदन लाल ढींगरा शहीदी स्मारक के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा तथा इसे अमृतसर के पर्यटन मानचित्र में शामिल किया जा सकेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग शहीद मदन लाल ढींगरा की महान कुर्बानी से परिचित हो सकें।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान की सरकार शहीदों द्वारा देखे गए सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और पंजाब सरकार शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान ने अपना पदभार भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में संभाला था और उनका मुख्य उद्देश्य देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों के सपनों को पूरा करना है।

विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने शहीद मदन लाल ढींगरा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हम उस शहर के निवासी हैं, जहां मदन लाल ढींगरा ने जन्म लिया। उन्होंने शहीद की याद में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री पंजाब का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन शहीदों ने अपनी जान की परवाह किए बिना हमें आजादी दिलाई है और हमारा भी फर्ज बनता है कि इस आजादी को बरकरार रखने के लिए अपना योगदान दें। इस अवसर पर विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने अपना दो माह का वेतन शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक को देने की घोषणा की।
समारोह को संबोधित करते हुए शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक की संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. लक्ष्मी कांता चावला ने कहा कि अमृतसर के सपूत शहीद मदन लाल ढींगरा ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर ऐसी मिसाल कायम की है, जिस पर भारतवासी हमेशा गर्व करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों के स्थानों पर इस प्रकार के मेले एवं समारोह हमेशा आयोजित होते रहने चाहिए। उन्होंने शहीद की यादगार स्थापित करने के लिए बीते समय के दौरान किए गए संघर्ष को याद किया तथा सरकार एवं प्रशासन द्वारा समारोह के लिए दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने स्मारक में बने संग्रहालय के विस्तार की मांग भी रखी।

समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति के गीत प्रस्तुत किए गए तथा कोरियोग्राफी पेश की गई। पंजाब पुलिस बैंड द्वारा शहीदों की याद में देशभक्ति की धुनें बजाकर शहीद मदन लाल ढींगरा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इससे पहले शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक की ओर से टाउन हॉल में भी एक विशाल समारोह आयोजित किया गया। जहां प्रो. लक्ष्मी कांता चावला, डॉ. राकेश शर्मा तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा शहीद मदन लाल ढींगरा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पंजाब पुलिस की बैंड टीम द्वारा भी शहीद को श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं शहीद मदन लाल ढींगरा यादगारी स्मारक कमेटी की ओर से दोनों कैबिनेट मंत्रियों डॉ. रवजोत सिंह, विधायकगण तथा अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। स्कूली विद्यार्थियों को सम्मान के रूप में शहीद मदन लाल ढींगरा का चित्र तथा उनके जीवन से संबंधित पुस्तिका भी वितरित की गई।






