अमृतसर के ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’, मॉल रोड की प्रतिभाशाली छात्रा टीया ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर पंजाब का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। टीया का चयन ‘शक्ति सैट इंटरनेशनल स्पेस मिशन’ के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। यह मिशन ‘स्पेस किड्ज इंडिया’ द्वारा इसरो के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विश्व के 108 देशों की चयनित छात्राएं भाग लेंगी।
इस गौरवपूर्ण चयन के साथ टीया इस अंतरराष्ट्रीय मिशन में भारत और पंजाब का प्रतिनिधित्व करेगी। अगस्त 2026 में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली विशेष कार्यशाला के दौरान उसे सैटेलाइट डिजाइनिंग, इंटीग्रेशन और असेंबलिंग संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस परियोजना के तहत तैयार किया जाने वाला सैटेलाइट 11 अक्टूबर को चंद्रमा की कक्षा में लॉन्च किया जाना है।
अमृतसर की बेटी टीया की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. द्वारा उसका विशेष रूप से सम्मान किया गया। इस अवसर पर स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने छात्रा टीया को बधाई देते हुए कहा कि यह अमृतसर और पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है कि हमारी बेटी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और टीया की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता दी जा रही है।
स. हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’, मॉल रोड पहले भी अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। स्कूल की छात्राओं ने वर्ष 2022 में दो अलग-अलग सैटेलाइट मिशनों के लिए पेलोड तैयार करके महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि टीया की यह उपलब्धि स्कूल के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों की मेहनत, समर्पण और विज्ञान के प्रति रुचि का प्रमाण है।
लोक निर्माण मंत्री ने छात्रा टीया की इस शानदार सफलता के लिए उसके माता-पिता, ‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’, मॉल रोड की प्रिंसिपल मनदीप कौर तथा कैमिस्ट्री लेक्चरर एवं प्रोजेक्ट इंचार्ज कमल कुमार को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीया की यह उपलब्धि अमृतसर के साथ-साथ पूरे पंजाब के लिए गर्व की बात है और उन्हें विश्वास है कि टीया भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों से देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करेगी।









