बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत शुक्रवार यानी 17 जुलाई को अचानक बिगड़ने के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उन्हें इलाज के लिए राजधानी पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान यानी आईजीआईएमएस ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली ले जाने की सलाह दी है। चिकित्सकों ने उन्हे नई दिल्ली स्थित एम्स रेफर कर दिया है। इस बीच मनेर के राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने लालू प्रसाद यादव की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए एनडीए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव की उम्र अब 79 वर्ष हो चुकी है और वह कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। लेकिन, उनके हौसले आज भी मजबूत हैं।

राजधानी पटना में शनिवार को मीडिया से बातचीत में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने कठिन स्वास्थ्य परिस्थितियों का भी मजबूती से सामना किया है। उन्होंने कहा, किडनी ट्रांसप्लांट कराने वाले कई लोग अब इस दुनिया में नहीं हैं। लेकिन, लालू जी आज भी मजबूती से खड़े हैं। करोड़ों लोगों की दुआएं उनके साथ हैं। वे जीवट वाले इंसान हैं। विधायक भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार लालू प्रसाद यादव को लगातार परेशान करती रही है। उन्होंने कहा, जो व्यक्ति अन्याय के खिलाफ लड़ता है, समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है और सामाजिक न्याय की बात करता है, उसे सरकार किसी न किसी मामले में फंसाने का काम करती रहती है। भाई वीरेंद्र ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और पुलिस की मिलीभगत से गंभीर घटनाएं हो रही हैं।
भाई वीरेंद्र ने लालू प्रसाद यादव को केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचार बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह डॉ.भीमराव आंबेडकर के विचार और संविधान आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं, लोग राजनीति करते हैं। ठीक उसी प्रकार लालू प्रसाद यादव के सामाजिक न्याय और समानता के विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी लालू प्रसाद यादव को उनके विचारों और सामाजिक बदलाव के लिए किए गए कार्यों के कारण याद किया जाएगा।










