पंजाब मानसा नितिन : एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर पंजाब में विरोध लगातार जारी है। न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शनकारी अब सीधे आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार को निशाना बना रहे हैं। मानसा, लुधियाना, बठिंडा और तरनतारन में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी और अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के कार्यकर्ताओं ने AAP के चुनाव चिह्न झाड़ू को जलाकर रोष प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
वहीं दूसरी तरफ घटना के 13 दिन बाद भी झोटा का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। परिवार मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP गौरव यादव के इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है। परिवार का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अंतिम संस्कार को लेकर फैसला नहीं लिया जाएगा।
इधर, हत्याकांड की जांच कर रही CBI ने शनिवार सुबह मानसा के कई मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। इस दौरान प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री और उनके स्टॉक से जुड़े पहलुओं की जांच की गई। मामले में नशे के नेटवर्क से जुड़े संभावित पहलुओं की पड़ताल भी अहम मानी जा रही है।
झोटा हत्याकांड पर पंजाब में बढ़ा सरकार के खिलाफ गुस्सा, 4 जिलों में जली AAP की झाड़ू







