पंजाब नितिन : पंजाब में गेहूं की बिजाई के सीजन से पहले किसानों की लागत कम करने के लिए राज्य सरकार ने 50 करोड़ रुपये की सब्सिडी योजना का ऐलान किया है। इस योजना के तहत 2.42 लाख से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत किसानों को प्रमाणित गेहूं के बीज कम कीमत पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य किसानों को बेहतर गुणवत्ता वाले बीज मुहैया करवाने के साथ खेती पर होने वाले खर्च को कम करना है।
प्रति क्विंटल ₹2,000 तक की राहत
प्रमाणित गेहूं के बीज की कीमत 4,250 रुपये प्रति क्विंटल है, लेकिन सब्सिडी के बाद किसानों को यह बीज 2,250 रुपये प्रति क्विंटल की दर से मिलेगा। यानी निर्धारित कीमत के मुकाबले किसानों को प्रति क्विंटल 2,000 रुपये की राहत मिलेगी। इस योजना के लिए कुल 50 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। सब्सिडी पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU), लुधियाना और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा अनुशंसित प्रमाणित गेहूं की किस्मों के बीजों पर दी जाएगी।
2,42,218 किसानों तक लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
सरकार ने योजना के तहत 2,42,218 किसानों को लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह योजना कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (NFSNM) के बीज संबंधी घटक के तहत लागू की जा रही है। गेहूं की बिजाई के दौरान बीज पर होने वाला खर्च किसानों की कुल उत्पादन लागत का अहम हिस्सा होता है। ऐसे में सब्सिडी से किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, योजना का वास्तविक लाभ पात्रता, उपलब्ध बीज और निर्धारित नियमों के अनुसार मिलेगा।








