पंजाब (नितिन ): तपा मंडी मे स्थानीय बाहरी बस अड्डे की स्लिप रोड पर राखी बांधकर वापस लौट रही एक महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला को गंभीर चोटें आईं और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान माइका देवी पत्नी महावीर प्रसाद निवासी अबलवाल (पटियाला) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि माइका देवी अपने भतीजे मोनू कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर राखी बांधकर वापस लौट रही थी। जब वे तपा हाईवे के नजदीक स्लिप रोड पर पहुंचे और एक ट्रक को पार करने लगे तो ट्रक ने उनके मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के दौरान माइका देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद एक राहगीर ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को अपनी कार से सिविल अस्पताल तपा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान अस्पताल में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तपा के ए.एस.आई. सतिगुर सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव को अगली कार्रवाई के लिए मोर्चरी रूम में रखवा दिया है। पुलिस द्वारा हादसे संबंधी आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।






