राष्ट्रीय (नितिन): नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। उन्होंने इस दौरान हिमाचल प्रदेश से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों, ताजा सियासी हालत व विकासात्मक परियोजनाओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से हिमाचल प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल, आधारभूत ढांचा एवं अन्य क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। इसी तरह केंद्र की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदेश के लाखों परिवारों को मिल रहा है।
केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक
जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री का हिमाचल प्रदेश को निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भौगोलिक परिस्थितियों की दृष्टि से एक विशेष राज्य है और यहां विकास की चुनौतियां भी अन्य राज्यों से अलग हैं। इसलिए प्रदेश के विकास के लिए केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार में रहते हुए भी केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल के विकास को गति दी और आज विपक्ष में रहते हुए भी पार्टी प्रदेश के हितों से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण विषय को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रख रही है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भेंट कर जाना कुशलक्षेम
जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भेंट करके उनका कुशलक्षेम जाना। केंद्रीय मंत्री बीते दिनों अस्वस्थ थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार और केंद्रीय नेतृत्व का निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन हिमाचल भाजपा को नई ऊर्जा प्रदान करता है। प्रदेश की जनता के हितों से जुड़े विषयों को हर उचित मंच पर उठाना और हिमाचल के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना भाजपा की प्राथमिकता है।








