पंजाब सरकार द्वारा नशों के खात्मे के लिए चलाए जा रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज जंडियाला गुरु में ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. के नेतृत्व में गांवों के सरपंचों, यूथ क्लबों, यूनियनों के प्रतिनिधियों तथा डिफेंस कमेटियों के सदस्यों के साथ एक विशेष बैठक भी की गई। बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब सरकार नशों को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा हमारे देश और पंजाब का भविष्य हैं तथा उन्हें नशों से दूर रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे नशों के खिलाफ मजबूती से खड़े हों और अपने गांवों एवं क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी मिलकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ संघर्ष करें तो पंजाब को नशामुक्त बनाने का सपना अवश्य साकार होगा। लोक निर्माण मंत्री ने सरपंचों, यूनियनों और डिफेंस कमेटियों के सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नशा विरोधी गतिविधियों को और तेज करें, युवाओं को खेलों, शिक्षा और सामाजिक कार्यों से जोड़ें तथा नशों के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करें। उन्होंने बताया कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत अब तक 60 हजार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है तथा 90 हजार से अधिक नशा पीड़ित व्यक्तियों का उपचार नशा मुक्ति केंद्रों में सरकार द्वारा निःशुल्क कराया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गांव में ई-रिक्शा चलाए गए हैं, जिनमें शिकायत पेटी भी लगाई गई है। इसके माध्यम से लोग बिना अपनी पहचान बताए नशा तस्करों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत पेटी में प्राप्त प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी ग्रामीण के अध्यक्ष श्री गुरप्रताप सिंह संधू ने कहा कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को घर-घर तक पहुंचाया गया है और इसे जड़ से समाप्त करके ही पंजाब को पुनः रंगला पंजाब बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक इस अभियान के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति मोर्चा के सभी स्वयंसेवक राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर एस.डी.एम. मैडम अलका कालिया ने कहा कि जनता के सहयोग से ही राज्य को नशामुक्त बनाया जा सकता है और यदि लोग साथ दें तो इसके और भी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जंडियाला गुरु के डी.एस.पी. श्री बलजीत सिंह ने कहा कि यदि आपके गांव में कोई व्यक्ति नशा बेचता है तो उसकी सीधी सूचना उन्हें दें। किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित गांवों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने भी नशों के खात्मे के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। इस बैठक में नशा मुक्ति मोर्चा ग्रामीण के अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह, उपाध्यक्ष निरवैल सिंह, पार्षद सतिंदर सिंह, पार्षद राज कुमार मल्होत्रा, बी.डी.पी.ओ. श्री मलकीत सिंह, चेयरमैन गुरविंदर सिंह, सूबेदार शनाख सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष केवल सिंह, सरपंच अमरीक सिंह, तहसीलदार अकविंदर कौर, एस.सी. विंग के हलका प्रभारी मनजीत सिंह, शमशेर सिंह, अजयबीर सिंह, मौला सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, डिफेंस कमेटियों के सदस्य और सरपंच उपस्थित थे।
अमृतसर मे नशा विरोधी कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने युवाओं को नशों के खिलाफ डटकर खड़े होने का दिया आह्वान










