बीबीएयू में दो विभागों को मिले नए विभागाध्यक्ष, प्रो. एम.के. पाढ़ी एवं प्रो. सूफिया अहमद को सौंपी गई जिम्मेदारी
लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग तथा विधि विभाग में नए विभागाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष के रूप में प्रो. एम.के. पाढ़ी तथा विधि विभाग की विभागाध्यक्ष के रूप में प्रो. सूफिया अहमद को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल, दोनों विभागों के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने नवनियुक्त विभागाध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एम.के. पाढ़ी ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि विभाग के शैक्षणिक एवं अकादमिक विकास को और भी बेहतरीन दिशा मिले। वे शिक्षण, शोध एवं नवाचार की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ ही विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के सृजन और विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों के सहयोग से विभाग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विधि विभाग की नवनियुक्त विभागाध्यक्ष प्रो. सूफिया अहमद ने इस जिम्मेदारी के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास विधि विभाग में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना होगा। साथ ही विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें