दिनांक 06.11.2026 को वादिनी मुकदमा द्वारा थाना गाजीपुर पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया कि अभियुक्त धीरज कुमार द्वारा उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए तथा जबरन गर्भपात कराया गया। शादी की बात करने पर अभियुक्त द्वारा गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दी गई।
उक्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना गाजीपुर पर मु0अ0सं0- 401/2026, धारा 69/89/352/115(2)/351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियुक्त धीरज कुमार एवं उसके अज्ञात परिजनों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त की तलाश प्रारम्भ की गई।
इसी क्रम में दिनांक 23.11.2026 को थाना गाजीपुर पुलिस टीम वांछित अभियुक्त की तलाश में क्षेत्र में मामूर थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त कपूरथला चौराहे पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर यूको बैंक के सामने, एलडीए कॉम्प्लेक्स के पास खड़े संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसकी पहचान धीरज कुमार पुत्र विनोद कुमार, उम्र करीब 29 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त को उसके विरुद्ध पंजीकृत अभियोग में संलिप्तता के आधार पर कारण गिरफ्तारी बताते हुए नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा उसके आपराधिक इतिहास के संबंध में अन्य थानों एवं जनपदों से जानकारी की जा रही है।

पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें