नेशनल नितिन : दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल पर आरोप है कि दुल्हन के परिवार की ओर से 13 लाख रुपए की मारुति ब्रेजा कार का इंतजाम न किए जाने पर उसने शादी से इनकार कर दिया और अपनी मां के साथ विवाह स्थल से चला गया। दुल्हन के परिवार ने दावा किया है कि उन्होंने दूल्हे के लिए 9.5 लाख रुपए की हुंडई ऑरा कार बुक कराई थी।
शादी 20 नवंबर को यहां मामचंद वाटिका में होनी थी। दोनों परिवारों ने करीब छह महीने पहले विवाह तय किया था। दुल्हन के पिता सुभाष कुमार ने सोनीपत पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उन्होंने दूल्हे के लिए हुंडई ओरा कार बुक कराई थी। हालांकि, कुलदीप नाम के दूल्हे ने यह कहते हुए ब्रेजा की मांग की कि उसे उसके लिए बुक की गई कार पसंद नहीं है। कुमार ने बताया कि उन्होंने उस कार की बुकिंग रद्द कर दी और ब्रेजा की तलाश शुरू कर दी। लेकिन कुछ शोरूम में कार उपलब्ध न होने के कारण वह उसका इंतजाम नहीं कर सके।
शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया कि उनके परिवार ने दूल्हे के परिवार के लिए सोफा और अलमारी समेत अच्छी गुणवत्ता का फर्नीचर तैयार कराया था। उन्होंने दूल्हे के लिए दो तोले की सोने की चेन, उसकी मां के लिए चार तोले के सोने के झुमके और चांदी की पायल का भी इंतजाम किया था। कुमार ने आरोप लगाया कि दूल्हे के परिवार ने उसके भाई और भाभी के लिए भी आभूषणों की मांग की थी, इसके बाद उन्होंने एक सुनार को आभूषण बनाने का ऑर्डर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि दूल्हे के परिवार के कहने पर उन्होंने 11,000 रुपए में सजी हुई घोड़ी और 13,500 रुपए में डीजे का भी इंतजाम किया था। ये खर्च आम तौर पर दूल्हे के परिवार को उठाने होते हैं।
20 नवंबर को शादी के दिन शाम करीब सवा सात बजे जब दूल्हा और उसकी मां सादे कपड़ों में विवाह स्थल पर पहुंचे, तो कुमार हैरान रह गए। शिकायत के मुताबिक जब दूल्हे को विवाह स्थल पर ब्रेजा नहीं मिली, तो उसने कथित तौर पर कुमार और दुल्हन के परिवार के अन्य सदस्यों को गालियां देना शुरू कर दिया। कुमार ने बताया कि उन्होंने दूल्हे और उसकी मां को समझाने की कोशिश की और उनसे शादी की रस्में पूरी करने का आग्रह किया। हालांकि, बार-बार समझाने के बावजूद दूल्हा और उसकी मां विवाह स्थल से चले गए।
सोनीपत के पुलिस उपायुक्त जितेंद्र गहलावत ने सोमवार को बताया कि दुल्हन के परिवार की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस ने बताया कि परिवार ने समुदाय के लोगों की मदद से मामले को सुलझाने की कोशिश करने के लिए एक दिन का समय मांगा है और तब तक कोई कार्रवाई न करने का अनुरोध किया है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें