शरारती तत्वों और संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की विशेष नजर
नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और संदिग्ध हालत में घूम रहे लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा वाहनों के दस्तावेजों और नंबर प्लेटों की जांच की जा रही है। बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, कम रोशनी वाली लाइटें और अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे जा रहे हैं और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुख्य सड़कों, बाजारों, गली-मोहल्लों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध लोगों की पहचान और पुलिस रिकॉर्ड की जांच के लिए पाइस (PAIS) ऐप, जबकि संदिग्ध वाहनों की जानकारी जुटाने के लिए वाहन ऐप का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस ने रात के समय गश्त भी बढ़ा दी है।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर भी कार्रवाई
रात के समय चेकिंग के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, ट्रिपल राइडिंग, जरूरी दस्तावेजों के बिना वाहन चलाने और अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ऐसे वाहन चालकों के चालान काटने के साथ जरूरत पड़ने पर उनके वाहन भी जब्त कर रही है।
नवंबर में 4,333 चालान, 127 वाहन जब्त
इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.एस.पी. अभिमन्यु राणा ने बताया कि श्री मुक्तसर साहिब पुलिस द्वारा ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। नवंबर महीने में 20 नवंबर 2026 तक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के कुल 4,333 चालान काटे गए हैं, जबकि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 127 वाहन जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान काली फिल्म वाले वाहनों के 40, बिना नंबर प्लेट के 284, ट्रिपल राइडिंग के 239 और अन्य ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के 3,643 चालान किए गए हैं।
लोगों को जागरूक करने के लिए लगाए 120 ट्रैफिक सेमिनार
एस.एस.पी. ने बताया कि पुलिस द्वारा कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इसके तहत एक महीने में स्कूलों, कॉलेजों, गांवों, शहरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर करीब 120 ट्रैफिक जागरूकता सेमिनार लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करें। शराब पीकर गाड़ी न चलाएं और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने से बचें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी न करें। उन्होंने खास तौर पर माता-पिता से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी हालत में वाहन न चलाने दें। बिना लाइसेंस वाहन चलाना बच्चों और दूसरों की जान के लिए खतरा बन सकता है। इसके अलावा बाजारों में वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, ताकि यातायात में कोई रुकावट न आए। एस.एस.पी. ने कहा कि श्री मुक्तसर साहिब पुलिस का नाइट डोमिनेशन और विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने या ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले के लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें