प्रथम संतान के जन्म पर 5,000 रुपये तथा दूसरी संतान के रूप में बेटी के जन्म पर 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता
अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायका श्रीमती जीवन ज्योत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं के कल्याण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार जन-कल्याणकारी पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान अब तक राज्य की 4,056 गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को 1.70 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है।
विधायका जीवन ज्योत कौर ने बताया कि सरकार द्वारा प्रथम संतान के जन्म पर पात्र महिलाओं को 5,000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि दो किस्तों में दी जाती है, जिसमें पहली किस्त 3,000 रुपये तथा दूसरी किस्त 2,000 रुपये की होती है।
उन्होंने बताया कि दूसरी संतान के रूप में बेटी के जन्म पर सरकार द्वारा 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता एकमुश्त प्रदान की जाती है। यह पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेजी जाती है, जिससे पारदर्शिता के साथ समय पर सहायता सुनिश्चित होती है।
विधायका ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 36,154 लाभार्थी महिलाओं का इस योजना के अंतर्गत पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि पंजाब सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक पहुंच रहा है।
श्रीमती जीवन ज्योत कौर ने कहा कि यह योजना केवल वित्तीय सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि माताओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मान सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी मां आर्थिक तंगी के कारण आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे तथा प्रत्येक बच्चे को जन्म से ही सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की शुरुआत मिल सके।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सभी जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक प्रभावी ढंग से पहुंचे।






