मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

भरत तिवारी के घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, घुटनों के बल बैठकर दी श्रद्धांजलि, जीतन राम मांझी ने लिया ’यू-टर्न’, बहुजन महापंचायत के आयोजकों से की बड़ी अपील

On: July 5, 2026 3:22 AM
हमें फॉलो करें:
ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में भोजपुर के बहुचर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में शुक्रवार यानी 3 जुलाई को नया राजनीतिक मोड़ आ गया। जब नमो सरकार के केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) यानी लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचे और पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के स्वजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी हुलास पांडेय सहित अन्य नेताओं के साथ बिलौटी पहुंचते ही चिराग पासवान ने भरत तिवारी की तस्वीर पर घुटनों के बल बैठकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने भरत तिवारी की मां आशा देवी के पास बैठकर उन्होंने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। भरत की मां आशा देवी की आंखों से छलकते आंसुओं को देख वह भी भावुक हो गए। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कानून के राज को हर हाल में कायम रखने की बात कही है।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि भरत तिवारी की मौत को लेकर प्रशासन के कुछ अधिकारियों पर जिस प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं, वह बेहद गंभीर है। यदि जांच में कोई भी अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर होती है, यदि वही कानून अपने हाथ में लेने लगें तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कमजोर होगा। किसी भी व्यक्ति, चाहे वह अधिकारी ही क्यों न हो, को कानून से ऊपर नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण किया था तो पुलिस को उसे गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करनी चाहिए थी। किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार जिस स्तर की जांच की मांग करेगा, उसे सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि न्याय मिल सके।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बताया कि इस मामले को लेकर उनकी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से बातचीत हुई है और सरकार निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी पूरे घटनाक्रम पर चर्चा कर चुके हैं। और एक बार फिर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मामले की विस्तृत जानकारी देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों पर गंभीर आरोप हैं। उन्हें पुरस्कृत करना उचित नहीं है और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।

इस मौके पर लोजपा (रामविलास) के भोजपुर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान व यामिनी रंजन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोजपा नेता व कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। नालंदा के करनामेपुर पहुंचने से एक दिन पूर्व ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान भरत तिवारी एनकाउंटर का मुद्दा उठाया था। उन्होंने राजगीर में दो युवकों की हत्या के मामले की भी चर्चा करते हुए दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने का आग्रह किया था। इस मुलाकात की जानकारी उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ पर साझा की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ उनकी तस्वीर भी थी। गुरुवार को राजधानी पटना पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भरत तिवारी एनकाउंटर पर खुलकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि यदि किसी व्यक्ति ने आत्मसमर्पण कर दिया था, तो उसके बाद गोली चलाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि भरत तिवारी के पास से बरामद बताए गए हथियार की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ताकि, पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। चिराग पासवान के इस बयान के बाद यह मामला और अधिक राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है। वहीं, अब सत्ता पक्ष के सहयोगी दल की ओर से भी निष्पक्ष जांच की मांग किए जाने के बाद मामले ने नया राजनीतिक आकार ले लिया

गौरतलब है कि इस वर्ष 17 जून को भोजपुर पुलिस ने भरत भूषण तिवारी का एनकाउंटर किया था। गंभीर रूप से जख्मी भरत तिवारी को इलाज के लिए राजधानी पटना स्थित पीएमसीएच भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए और इसे फर्जी एनकाउंटर बताया। मामले ने तूल पकड़ने के बाद ही भरत तिवारी की मां आशा देवी के लिखित आवेदन पर संबंधित एसडीपीओ, तत्कालीन थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और सम्राट सरकार ने न्यायायिक जाच आयोग का गठन किया है।

उधर, भोजपुर के जगदीशपुर में 5 जुलाई 2026 को प्रस्तावित बहुजन महापंचायत को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है। पहले इस कार्यक्रम में शामिल होने का ऐलान कर चुके एनडीए समर्थित हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्यूलर) यानी हम के संरक्षक व नमो सरकार के केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के मंत्री जीतन राम मांझी ने अब अपना रुख बदल लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ पर पोस्ट कर बहुजन महापंचायत के आयोजकों से फिलहाल कार्यक्रम स्थगित करने की अपील की है। एक्स हैंडल पर किए गए अपने पोस्ट में जीतन राम मांझी ने लिखा कि राज्यहित और सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए वह भोजपुर जिले के जगदीशपुर में 5 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली बहुजन महापंचायत के आयोजकों से आग्रह करते हैं कि वे बड़ा दिल दिखाते हुए इस महापंचायत को फिलहाल स्थगित कर दें। उन्होंने आगे लिखा कि वर्तमान परिस्थितियों में सभी पक्षों को संयम से काम लेने की आवश्यकता है। उनके मुताबिक, ’कुछ लोग इस फिराक में हैं कि कुछ भी गलत हो और उसका ठीकरा हमारे सिर फोड़ दिया जाए। यह समय बड़ा दिल दिखाने का है।’

गौरतलब है कि इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’एक्स’ के पोस्ट में ’देश की जनता करें पुकार, बहुजन एकता अबकी बार’ का नारा देते हुए 5 जुलाई 2026 को आरा पहुंचकर जगदीशपुर में आयोजित बहुजन महापंचायत में शामिल होने की घोषणा की थी। जगदीशपुर के लाल बिहारी सिंह टोला हाईस्कूल मैदान में प्रस्तावित बहुजन महापंचायत को भरत तिवारी समर्थक महापंचायत के जवाब के रूप में देखा जा रहा है। इससे पूर्व 24 जून को भरत तिवारी के समर्थन में बिलौटी गांव में महापंचायत आयोजित हुई थी, जिसके बाद 5 जुलाई को बहुजन महापंचायत की घोषणा की गई। इस मुद्दे पर रालोमो सुप्रीमो व राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा भी संयम बरतने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जब तक न्यायिक आयोग की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक किसी भी तरह की टिप्पणी या निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा। ऐसे में मांझी के बदले रुख के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि महापंचायत के आयोजक उनकी अपील मानते हैं या फिर तय कार्यक्रम के मुताबिक 5 जुलाई को आयोजन करते हैं। यह तो वक्त आने पर ही पता चल सकता है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

यह भी पढ़ें

शादी के 2 महीने बाद युवक ने किया सुसाइड,तरन तारन में सल्फास निगलने से पहले वीडियो बनाया खुद का बिजनेस शुरू करना चाहता था युवक

पंजाब के लुधियाना में शादी का झांसा देकर महिला से बनाए अवैध संबंध पति से चल रहा विवाद, अन्य के साथ इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी

सीएम मान के वीडियो विवाद पर एसजीपीसी बनाएगी रणनीति गोल्डन टेंपल में आज पथक सम्मेलन, कुलवंत बोले वीडियो को लेकर सिख समाज में रोष

अमृतसर के डॉ. सतिंदरजीत सिंह बाजाज एवं डॉ. रश्मि विज को स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए पंजाब सरकार द्वारा राज्य स्तरीय डॉक्टर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया

अमृतसर मे मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए किसान ₹80 हजार तक की सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं : चेयरमैन बराड़

चंडीगढ़ में 2 मंजुला बिल्डिंग गिरी मालबे में दबे पांच लोग निकले जिंदा, बचा हुआ व्यक्ति बोला अंदर 20 से 25 लोग थे, रेस्क्यू के लिए आर्मी को बुलाया गया

Leave a Comment