मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार किसानों को पारंपरिक खेती से बागवानी की ओर प्रेरित करने तथा उनकी आय बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत बागवानी विभाग, पंजाब द्वारा स्टेट प्लान योजना के अंतर्गत किसानों को मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित करने के लिए ₹80 हजार तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पनसप के चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने बताया कि किसान लगभग ₹2 लाख की लागत से एक छोटी मशरूम उत्पादन इकाई स्थापित कर सकते हैं, जिस पर बागवानी विभाग द्वारा 40 प्रतिशत सब्सिडी, अधिकतम ₹80 हजार तक प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि मशरूम की खेती बहुत कम भूमि तथा बहुत कम पानी की आवश्यकता के साथ की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कम लागत वाली इस खेती से किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि एक छोटी मशरूम उत्पादन इकाई लगभग 1,800 वर्ग फुट क्षेत्र में स्थापित की जा सकती है, जिससे छोटे एवं सीमांत किसान भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बागवानी क्षेत्र को और अधिक प्रोत्साहित करने तथा किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
सब्सिडी प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए चेयरमैन प्रभबीर सिंह बराड़ ने कहा कि इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान अपने नजदीकी जिला बागवानी अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग द्वारा किसानों को मशरूम उत्पादन संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण तथा आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।








