भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-उपायुक्त अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह के नेतृत्व में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.-2026) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू करने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र 019-अमृतसर दक्षिण के बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी-सह-अतिरिक्त आयुक्त श्री जय इंदर सिंह ने किया। प्रशिक्षण के दौरान बी.एल.ओ. को एस.आई.आर.-2026 के संपूर्ण कार्यक्रम, निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा मतदाता सूचियों की शुद्धता सुनिश्चित करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बी.एल.ओ. को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सामान्य निर्देशों, दस्तावेजों के सत्यापन, पात्र मतदाताओं की पहचान, मृत अथवा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के विवरण की जांच तथा ऑनलाइन डाटा एंट्री की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दलविंदरजीत सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाई जा रही यह स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.-2026) मुहिम मतदाता सूचियों को और अधिक पारदर्शी, शुद्ध तथा अद्यतन बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बी.एल.ओ. इस अभियान की रीढ़ हैं और उनकी जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचकर गणना प्रपत्र उपलब्ध करवाएं तथा उन्हें समय पर प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि सभी बी.एल.ओ. घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा नागरिकों को प्रपत्र भरने संबंधी आवश्यक जानकारी भी प्रदान करेंगे। प्राप्त प्रपत्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन अपलोड कर कार्यालय में जमा करवाया जाएगा, ताकि प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्ट्रोल रोल) तैयार की जा सके।
उपायुक्त श्री दलविंदरजीत सिंह ने जिला निवासियों से अपील की कि वे बी.एल.ओ. का पूर्ण सहयोग करें और गणना प्रपत्र सही जानकारी के साथ समय पर जमा करवाएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
इस अवसर पर चुनाव कानूनगो श्री राजविंदर सिंह बल्ल तथा चुनाव प्रभारी श्री संजीव कालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 जून से 22 जून 2026 तक बी.एल.ओ. को चुनाव सामग्री और गणना प्रपत्र वितरित किए जाएंगे। इसके उपरांत 25 जून 2026 से बी.एल.ओ. अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने का कार्य आरंभ करेंगे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र 019-अमृतसर दक्षिण से संबंधित सभी बी.एल.ओ., चुनाव कर्मी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









