लखनऊ : डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में कुलपति आचार्य संजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित 41वीं विद्या परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, नए पाठ्यक्रम शुरू करने तथा फिजिकल एजुकेशन विभाग स्थापित करने सहित विभिन्न विषयों पर निर्णय लिए गए।
कुलपति आचार्य संजय सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेश पर ऊर्जा बचत के दृष्टिगत विश्वविद्यालय में सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने के प्रस्ताव को अनुमोदन दिया गया है। अब विश्वविद्यालय में कक्षाएं और कार्यालय सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होंगे, जबकि शनिवार एवं रविवार अवकाश रहेगा। यह व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगी।
बैठक में प्रत्येक शुक्रवार को गैर-वाहन दिवस एवं स्वच्छता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। इस दिन विश्वविद्यालय परिसर में वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। साथ ही, 1 जून से 30 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया गया। विद्या परिषद ने विश्वविद्यालय के प्रत्येक विभाग को न्यूनतम चार मल्टीडिसीप्लिनरी पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए हैं, जिससे विद्यार्थियों को बहुविषयक शिक्षा का अवसर मिल सके।

नए कोर्सों को मिली स्वीकृति
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने बताया कि बैठक में इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (ITEP) प्रारंभ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अंतर्गत बीए-बीएड, बीएससी-बीएड एवं बीकॉम-बीएड पाठ्यक्रम शुरू किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय में फिजिकल एजुकेशन विभाग स्थापित करने की दिशा में भी विचार-विमर्श हुआ। विभाग खुलने के बाद भविष्य में बीपीएड एवं एमपीएड जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकेंगे।






