भोजपुर में 19 हजार से अधिक अवैध कारतूस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, सफारी कार से हो रही थी कारतूस की तस्करी

On: November 3, 2026 9:50 AM
हमें फॉलो करें:

ad copy

बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के मनभावन मोड़ के समीप सोमवार यानी 2 नवंबर को एसटीएफ और कोईलवर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कारतूस तस्करी का खुलासा किया है। टीम ने सफारी कार में सवार 3 तस्करों को 19 हजार से अधिक अवैध कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लोडेड पिस्टल भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपितों में 2 मुजफ्फरपुर व 1 सिवान जिले का रहने वाला है। इनकी पहचान मुजफ्फरपुर के अहियापुर निवासी लल्टू कुमार व सारस कुमार और सीवान के तरवारा निवासी चंदन तिवारी के रूप में हुई है।  

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद सभी अवैध कारतूस 7.65 एमएम के हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि कारतूस पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लाए जा रहे थे और इन्हें मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी। पुलिस को पूर्व में ही सूचना मिली थी कि एक कार में कुछ तस्कर भारी मात्रा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से अवैध कारतूस लेकर बिहार आने वाले हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद एसटीएफ और कोईलवर पुलिस की टीम ने रविवार से ही निगरानी और घेराबंदी शुरू कर दी थी। हालांकि, तस्कर रविवार की रात वाराणसी में ही रुक गए। सोमवार की सुबह उनके बिहार में प्रवेश करने की सूचना मिलते ही एसटीएफ और कोईलवर पुलिस की टीम अलर्ट हो गई। रास्ते में कई जगह घेराबंदी की गई। लेकिन, तस्कर पुलिस को चकमा देकर आगे बढ़ते रहे। इसी बीच सोमवार की सुबह करीब 10.30 बजे एसटीएफ और कोईलवर पुलिस की संयुक्त टीम ने मनभावन मोड़ के पास मोर्चा संभाल लिया। जैसे ही तस्करों की कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।

पुलिस से घिरा देख कार सवार तस्करों ने भागने का प्रयास किया। सफारी कार मोड़ने के दौरान उन्होंने पीछे से आ रही हैरियर कार में टक्कर मार दी। इसके बाद आगे भागने की कोशिश में सामने से आ रही नेक्सन कार को भी टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कारों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने सफारी कार सवार तीनों तस्करों को दबोच लिया।

पुलिस के वरीय पदाधिकारी के मुताबिक, तस्कर काफी सतर्कता बरत रहे थे। वे अपने साथ मोबाइल फोन, जीपीएस या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे, ताकि उनकी लोकेशन और गतिविधियों का पता नहीं चल सके। तलाशी के दौरान एक आरोपित की कमर से लोडेड पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में तीनों ने इस धंधे में अपनी पेशेवर संलिप्तता भी स्वीकार की है। भारी मात्रा में कारतूस की बरामदगी के बाद सोमवार दोपहर एसटीएफ के वरीय पदाधिकारी अंजनी सिंह भी पटना से कोईलवर पहुंचे और गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की। एसटीएफ और कोईलवर पुलिस की टीम आरोपितों के आपराधिक इतिहास के साथ उनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। कारतूस के सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में भी पुलिस जुटी है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment