गाजीपुर : भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन (BYVS) की नई कार्यकारिणी के प्रथम युवा सम्मेलन के अवसर पर सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व निदेशक, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) एम. नागेश्वर राव, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा सक्षम सिंह योगी जी तथा सर्वजन सनातन पार्टी, उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रभारी राकेश तिवारी का गाजीपुर आगमन हुआ। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं युवाओं द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

गाजीपुर के सगुन मैरिज हॉल, सादात में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम एवं युवा सम्मेलन में युवाओं का उत्साह देखने योग्य रहा। कार्यक्रम का संचालन भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री पंडित भानु मिश्रा (हर्ष भैया) ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवा शक्ति को संगठित करने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीबीआई निदेशक एम नागेश्वर राव ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि युवाओं को सही दिशा, संस्कार, शिक्षा और नेतृत्व प्राप्त हो, तो वे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हमारा उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करना है।

राजा सक्षम सिंह योगी ने संगठन की नई कार्यकारिणी के प्रथम युवा सम्मेलन को एक महत्वपूर्ण शुरुआत बताते हुए कहा कि संगठन युवाओं को एकजुट करने, उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने तथा सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से संगठित होकर समाजहित में कार्य करने और सकारात्मक विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
एम. नागेश्वर राव के आगमन को संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रेरणादायी अवसर के रूप में देखा। उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से युवाओं को संगठनात्मक कार्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरणा मिलने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
कार्यक्रम के अंत में गाजीपुर जिलाध्यक्ष मयंक कुमार चौबे (अंकित) ने उपस्थित अतिथियों, संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
कार्यक्रम में भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री पंडित भानु मिश्रा (हर्ष भैया), गाजीपुर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष जय बाबू, प्रदेश अध्यक्ष अभय पांडे, जिलाध्यक्ष मयंक कुमार चौबे (अंकित), , चंद्रमणि त्रिपाठी , प्रशांत मिश्रा , अरविंद यादव, गोलू पांडे, अजीत दुबे शिवम राय सम्राट चौबे सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







