अमृतसर (नितिन) : श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को जाने वाली अजनाला रोड स्थित वी.वी.आई.पी. सड़क की देखरेख को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सड़क की सुंदरता के लिए लगाई गई ग्रिलों से कई स्थानों पर लोहा गायब है, जबकि कुछ स्थानों पर ग्रिलें टूटी हुई हैं। इस कारण मार्ग की सुंदरता प्रभावित हो रही है।
देश-विदेश से आने वाले यात्री इसी रास्ते से हवाई अड्डे तक पहुंचते हैं। इसके अलावा केंद्र और पंजाब सरकार के मंत्रियों सहित उच्च अधिकारियों की गाड़ियां भी इसी मार्ग से गुजरती हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर ग्रिलों की टूट-फूट और लोहा गायब होने की स्थिति सामने आना देखरेख व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सड़क की सुंदरता के लिए लगाए गए पौधे भी कई स्थानों पर बेतरतीब ढंग से बढ़े हुए हैं जिस कारण वाहन चालकों को रुकावट पैदा होती है। लंबे समय से रंगाई न होने के कारण मार्ग की सुंदरता पर असर पड़ रहा है।
इसके अलावा एयरपोर्ट के सामने बाहर निकलते समय दाईं ओर कई दिनों से पानी खड़ा है जिससे मच्छरों की समस्या पैदा होने की आशंका है। सरब सांझा रंगरेटा दल के प्रवक्ता गुरिंदर सिंह ‘साबी गिल’ ने कहा कि यदि सड़क की सफाई और देखरेख के लिए नियमित रूप से सरकारी खर्च किया जा रहा है तो इसके उपयोग और मौके पर हो रहे कार्यों की जांच होनी चाहिए। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव सोनू जाफर ने कहा कि एयरपोर्ट को जाने वाली वी.वी.आई.पी. सड़क की मौजूदा स्थिति सरकार के विकास और सफाई के दावों पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभाग मौके का जायजा लेकर सफाई, पानी की निकासी, ग्रिलों की मुरम्मत और पौधों की कटाई-छंटाई करवाए।








