पंजाब नितिन : पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नए सियासी समीकरण बनने लगे हैं। कभी अकाली दल के साथ गठबंधन में जूनियर पार्टनर रही भाजपा अब अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा गठबंधन को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच गई है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस बार गठबंधन में सीटों का पुराना गणित पूरी तरह बदल सकता है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 47 से 48 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। यदि इस प्रस्ताव पर सहमति बनती है तो अकाली दल को पहले के मुकाबले काफी कम सीटों पर चुनाव लड़ना पड़ सकता है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर कुछ मुद्दों पर चर्चा जारी है। माना जा रहा है कि गुरु नानक जयंती के आसपास गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।
23 से सीधे 48 सीटों तक पहुंचने की तैयारी
भाजपा और अकाली दल ने आखिरी बार 2017 में मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था। उस समय अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। यानी भाजपा अब अपनी पुरानी हिस्सेदारी को दोगुने से भी ज्यादा करने की तैयारी में है। यह बदलाव बताता है कि भाजपा अब पंजाब में खुद को केवल सहयोगी पार्टी तक सीमित नहीं रखना चाहती।
6 साल बाद दोनों दलों में फिर नजदीकियां
अकाली दल और भाजपा का करीब 24 साल पुराना गठबंधन 26 सितंबर 2020 को कृषि कानूनों के मुद्दे पर टूट गया था। अब करीब छह साल बाद दोनों दल फिर साथ आने की तैयारी में हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह गठबंधन पंजाब में आम आदमी पार्टी को चुनौती देने के लिए मजबूत विकल्प बन पाएगा?





