जालंधर (नितिन): कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के थाना बस्ती बावा खेल के अधीन पड़ते इलाके न्यू रत्न नगर के खाली प्लॉट से एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव पर किसी तेजधार हथियार से किए गए हमले के निशान मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है जबकि थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर गहराई से जांच करनी शुरू कर दी है और अलग-अलग पहलुओं से जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मृतक की पहचान न्यू रत्न नगर के रहने वाले 26 साल के संदीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा संदीप कुमार केशव को सेवन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पूरी जांच के बाद बनती कानूनी कार्रवाई करते हुए उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदीप पिछले कुछ समय से अस्वस्थ था और 3 दिन पहले ही अस्पताल से उपचार के बाद घर लौटा था। शनिवार सुबह उसका शव घर के निकट स्थित खाली प्लॉट में पड़ा मिला, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के माथे और शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि चोटें किसी हमले का परिणाम हो सकती हैं, जबकि अन्य ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका किसी व्यक्ति से विवाद भी हुआ था। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
थाना प्रमुख जय इंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के माथे पर चोट का निशान मिला है। यह चोट किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी संभव है कि गिरने के दौरान पत्थर से चोट लगी हो, लेकिन पूरी स्थिति पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में ही सामने आएगी। पुलिस द्वारा आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।







