पंजाब लुधियाना (नितिन): पंचायती तौर पर अलग रह रही पत्नी के परिचित और उसके दोस्त द्वारा एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने और तेजधार हथियारों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित जब घर के पास मैदान में अपने मासूम बेटे से खेल रहा था, तभी आरोपियों ने रंजिश के चलते उस पर हमला बोल दिया और लहूलुहान कर जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर संबंधित थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता सोनू ने बताया कि उसका विवाह साल 2013 में लाडी (पुत्री तीर्थ राम) के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी की जान-पहचान बंटी लुबाणा के साथ हो गई, जिसके चलते घर में आए दिन झगड़े रहने लगे। करीब 2 साल पहले दोनों पक्षों के बीच पंचायती तौर पर तलाक हो गया था। पंचायती फैसले के मुताबिक दोनों बेटे पिता (पीड़ित) के पास ही रह रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, करीब 2 महीने पहले उसकी पूर्व पत्नी लाडी, बंटी लुबाणा और उसके दोस्त सुदामा के साथ एक प्राइवेट कार में लुधियाना आई और दोनों बच्चों को उसकी मर्जी के बिना जबरन अंबाला (हरियाणा) ले गई। जब वह अपने बच्चों से मिलने अंबाला पहुंचा, तो वहां बंटी लुबाणा और लाडी ने उसके साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। इसके बाद पीड़ित ने समाज के गणमान्य लोगों की मदद से अंबाला जाकर अपनी पूर्व पत्नी से अपने छोटे बेटे हर्ष को वापस हासिल किया और लुधियाना ले आया।
बीती 18 अगस्त को पीड़ित अपने घर के नजदीक बने ग्राउंड में अपने छोटे बेटे हर्ष के साथ खेल रहा था। उसी दौरान आरोपी बंटी लुबाणा और उसका साथी सुदामा वहा पहुंच गए। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हथियारों से पीड़ित पर अचानक हमला कर दिया और उसकी बेरहमी से मारपीट की। शोर मचने पर जब लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकियां देते हुए हथियारों सहित मौके से फरार हो गए।







