पंजाब ( नितिन ) : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में लुधियाना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु और राष्ट्रीय सचिव एवं पंजाब के सह-प्रभारी नरेंद्र रैणा सहित नवनिर्वाचित प्रदेश संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारी तथा सभी जिला अध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक के दौरान पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और 2027 में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी रणनीति पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने पार्टी हाईकमान और प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। सभी नेताओं ने पूरी एकजुटता और उत्साह के साथ 2027 के चुनाव लड़ने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बधाई देते हुए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि ये केवल पद नहीं हैं, बल्कि पंजाब और पार्टी के भविष्य के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी हैं। पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर अपनी मेहनत और ईमानदारी से खरा उतरना सभी का प्रमुख कर्तव्य है। उन्होंने नेताओं से संगठन की जड़ों को और मजबूत करने तथा हर गांव, हर शहर और हर बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
पंजाब के मौजूदा हालात पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ता नशा, गैंगस्टरवाद, बेलगाम कर्ज, बेरोजगारी और कई अन्य मुद्दे पंजाब के लिए बड़ा संकट बन चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि इन समस्याओं से पंजाब को निजात दिलाने के लिए अब जनता की एकमात्र उम्मीद भारतीय जनता पार्टी ही है।
चुनावों की तैयारी के तहत प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की जनहितैषी और विकासोन्मुखी नीतियों को पंजाब के हर घर तक पहुंचाया जाए, ताकि प्रदेश में भाजपा की मजबूत सरकार बनाई जा सके।








