वाराणसी आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी वाराणसी श्री सत्येन्द्र कुमार ने 24 जून 2026 को दालमंडी, चौक, रमापुरा, गिरिजाघर, आदमपुर क्षेत्र सहित नवनिर्मित ओवरब्रिज का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण एवं पैदल गश्त की। इस दौरान सुरक्षा, मार्ग व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थलों की समीक्षा की गई।
*धर्मगुरुओं से संवाद, अनुपालन पर जोर*
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने धर्मगुरुओं एवं ताजिया आयोजकों से संवाद कर उन्हें शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। इसके अतिरिक्त आशापुर एवं लालपुर-पाण्डेयपुर क्षेत्र में ताजिया जुलूसों के मार्गों, यातायात प्रबंधन, वैकल्पिक रूट एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
*निरीक्षण में जारी महत्वपूर्ण निर्देश:*
1. *मार्ग व परंपरा:* किसी भी नई परंपरा अथवा नए मार्ग की अनुमति नहीं होगी। जुलूस केवल पूर्व निर्धारित एवं पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे।
2. *ताजिये का आकार:* ताजिये का आकार एवं ऊंचाई निर्धारित मानक 10 फीट के अनुरूप ही होगी।
3. *ध्वनि मानक:* ताजिया जुलूस में डीजे, ढोल-ताशा की ध्वनि 45 से 55 डेसिबल के निर्धारित मानकों के अनुरूप होगी। उत्तेजक/भड़काऊ गाने बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। डीजे संचालक भी जिम्मेदार होंगे।
4. *प्रदर्शन पर रोक:* जुलूस में भड़काऊ नारे, अस्त्र-शस्त्र व हथियारों का प्रदर्शन पूर्णतः वर्जित रहेगा। उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
5. *जिम्मेदारी तय:* प्रत्येक ताजिये के लिए उत्तरदायी समिति का गठन अनिवार्य होगा, जिसकी पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
6. *अराजकता पर कार्रवाई:* जुलूस के दौरान अराजकता, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बाधित करने की स्थिति में संबंधित आयोजक सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
7. *निगरानी:* सभी ताजिया जुलूसों की वीडियोग्राफी, ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
8. *सुरक्षा व्यवस्था:* जुलूसों के साथ बॉक्स फार्म में पुलिस तैनात रहेगी। आयोजक जुलूस में सहयोग हेतु वालंटियर तैनात करेंगे। ताजिया रखे जाने वाले स्थान पर वालंटियर नियुक्त कर निगरानी सुनिश्चित करें। यथासंभव ताजिया परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
अन्य व्यवस्थाएं:
संवेदनशील स्थलों पर पैरामिलिट्री बल की तैनाती के साथ कड़े सुरक्षा इंतजाम लागू रहेंगे। सोशल मीडिया की सतत निगरानी की जाएगी। शस्त्र प्रदर्शन, करतब, अफवाह व भ्रामक सूचना प्रसारित कर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने हेतु प्रभावी रूट डायवर्जन योजना लागू रहेगी। विभिन्न समुदायों के मध्य आपसी सौहार्द्र व भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
अधिकारी रहे मौजूद:
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय श्री शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन श्री वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अंशुमान सिंह सहित संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।












