पंजाब लुधियाना, (नितिन): जस्सियां रोड इलाके में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। काम पर जा रहे एक सिलाई कारीगर को रास्ते में घेरकर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने कारीगर की बाजू पर चाकू से वार कर उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया, लेकिन पीड़ित ने लहूलुहान होने के बावजूद अदम्य साहस दिखाते हुए मोबाइल नहीं छोड़ा। पीड़ित के शोर मचाने पर बदमाश मौके से भाग निकले।
पीड़ित सरवेश ने बताया कि वह सिलाई कारीगर है और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।रोजाना की तरह वह सुबह अपने काम पर जा रहा था। जैसे ही वह नागेश होजरी वाली गली के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों बदमाशों के हाथों में चाकू थे। रुकते ही बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया और उसकी बाजू पर चाकू से जोरदार वार किया और हाथ में पकड़ा मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। चाकू का वार लगने से सरवेश की बाजू बुरी तरह कट गई और वह खून से लथपथ हो गया। इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और मजबूती से अपना मोबाइल पकड़े रखा।
जब उसने मदद के लिए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया, तो पकड़े जाने के डर से दोनों बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। हमले के बाद पीड़ित तुरंत नजदीकी निजी क्लीनिक पहुंचा, जहां डॉक्टर ने घाव की मरहम-पट्टी कर उसकी बाजू पर 5 टांके लगाए। पीड़ित सरवेश ने रोष जताते हुए कहा कि जस्सियां रोड और आसपास की गलियों में स्नेचिंग और लूटपाट की वारदातें आए दिन बढ़ रही हैं। हालात ऐसे हो चुके हैं कि दिनदहाड़े या सुबह-शाम काम के सिलसिले में घर से बाहर निकलने में भी डर लगने लगा है। क्षेत्रवासियों और पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में पुलिस की पीसीआर गश्त बढ़ाई जाए और राहगीरों व मेहनतकश मजदूरों को निशाना बनाने वाले इन शातिर बदमाशों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।








