औड़/चकदाना (नितिन): इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। आए दिन बंद पड़े घरों और दुकानों को निशाना बनाए जाने से लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल है। हाल ही में चकदाना के पास गांव बखलौर में चोरों ने विदेश में रह रहे एक परिवार के सूने घर के ताले तोड़कर करीब 5 लाख रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह रही कि चोर भागते समय घर की बिजली भी काट गए।
नवांशहर निवासी राज कुमार जब अपनी बहन के इस घर की देखरेख के लिए पहुंचे, तो ताले टूटे और अंदर सामान बिखरा मिला। चोर इनवर्टर, इलैक्ट्रॉनिक मशीनें, सिलाई मशीनें, कूलर, सिलैंडर और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले पड़ोस के एक अन्य एन.आर.आई. घर से भी 18 लाख रुपए की बड़ी चोरी हुई थी। इसके अलावा रटेंडा गेट के पास ट्रैक्टरों की बैटरियां और बस अड्डे के पास अहाते की छत तोड़कर चोरी की वारदातें भी सामने आ चुकी हैं।
लगातार हो रही इन वारदातों से गांववासियों में गहरा रोष और चिंता है। पीड़ित परिवार और स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामलों की निष्पक्ष जांच करने, चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि लोगों में सुरक्षा का अहसास वापस लौट सके।










