पंजाब जालंधर नितिन : कुल्हड़ पिज्जा फेम सहज का फेसबुक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सहज अपनी तबीयत को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह अस्पताल में हैं और दर्द बर्दाश्त करना मुश्किल हो रहा है। इस दौरान उन्होंने अपने स्वास्थ्य और पिछले तीन सालों से झेल रहे हालात को लेकर भावुक बातें कहीं। सहज ने लाइव वीडियो में कहा कि उनके शरीर में जहर होने की बात है और जांच की जा रही है। उन्होंने ट्यूमर होने की आशंका भी जताई। हालांकि, उनकी बीमारी और मेडिकल रिपोर्ट को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
पिछले 3 साल से नर्क जैसी जिंदगी जी रहे हैं’
फेसबुक लाइव के दौरान सहज ने कहा कि पिछले तीन साल से वह नर्क जैसी जिंदगी जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसी पहचान मिलेगी, जिसके बाद लोगों की बातें सुन-सुनकर वह थक जाएंगे।
‘मेरे जाने के बाद पत्नी-बच्चों को परेशान मत करना’
वीडियो में सहज ने भावुक अपील करते हुए कहा कि अगर वह नहीं रहे, तो उनकी पत्नी और बच्चों को ट्रोल न किया जाए और न ही उन्हें परेशान किया जाए। उन्होंने कहा कि वह काफी समय से लोगों की टिप्पणियों और बातों से परेशान हैं। सहज का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा में है। फिलहाल उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।






