अमृतसर (नितिन) : पंजाब में दवाइयों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने और आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ड्रग कंट्रोल विभाग की ओर से जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ड्रग कंट्रोल अधिकारियों ने तरनतारन रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई करते हुए करीब 59 हजार रुपए की 13 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां जब्त कीं और दुकान को मौके पर ही सील कर दिया।
कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब कंवलप्रीत कौर बराड़, जिलाधीश दलविन्द्रजीत सिंह, सिविल सर्जन डा. भारती धवन व जोनल लाईसैंसिंग अथारिटी कुलविन्दर सिंह के निर्देशों पर कारवाई करते हुए ड्रग कंट्रोल अधिकारी रोहित शर्मा (अमृतसर-1) और गुरदीप सिंह (अमृतसर-5) ने पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर अड्डा चब्बा तरनतारन रोड स्थित गुरु राम दास मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि मेडिकल स्टोर फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में चलाया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान दुकानदार मौके पर मौजूद दवाइयों का खरीद रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
ड्रग कंट्रोलर अधिकारी रोहित शर्मा और गुरदीप सिंह ने बताया कि वहां से प्रेगाबालिन सहित 13 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां बरामद की गईं। संबंधित दवाइयों का खरीद रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करवाए जाने के कारण विभागीय टीम ने नियमानुसार उन्हें जब्त कर लिया। जब्त की गई दवाइयों की अनुमानित कीमत करीब 59,000 रुपए है। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर को मौके पर ही सील कर दिया। ड्रग कंट्रोल विभाग की टीम ने इसके अलावा तरनतारन रोड स्थित जोबन मेडिकल स्टोर, कोट मंगल सिंह स्थित गुरु नानक मेडिकोज और सुख मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया। इन दुकानों पर किसी भी प्रकार की कमी सामने नहीं आई।
‘नियमों के अनुसार ही दवाइयों की बिक्री करें मेडिकल स्टोर संचालक’
ड्रग कंट्रोल अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए कि वे दवाइयों की खरीद और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड उचित तरीके से बनाए रखें तथा लागू नियमों के अनुसार ही दवाइयों की बिक्री करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दवाइयों की बिक्री में निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मेडिकल स्टोरों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।






