पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना ने शुरू होने के मात्र छह महीनों के भीतर ही स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए लाखों परिवारों को महंगे इलाज के आर्थिक बोझ से राहत प्रदान की है। 8 जनवरी, 2026 को शुरू की गई इस योजना के तहत अब तक 2,42,917 मरीजों को 4,79,602 कैशलेस उपचार उपलब्ध कराए गए हैं, जिन पर लगभग ₹852 करोड़ व्यय किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब हेल्थ सिस्टम्स कॉरपोरेशन के चेयरमैन श्री गुरशरण सिंह छीना ने बताया कि योजना के तहत अब तक 47 लाख से अधिक स्वास्थ्य कार्ड पंजीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है तथा प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष ₹10 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध करा रही है।
श्री गुरशरण सिंह छीना ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत न केवल सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं, बल्कि हृदय रोग, किडनी रोग, हड्डियों एवं रीढ़ की हड्डी से संबंधित गंभीर बीमारियों सहित अन्य जटिल रोगों के महंगे उपचार और सर्जरी भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना परिवारों को महंगे इलाज के आर्थिक बोझ से बचाने वाली एक प्रभावी सामाजिक सुरक्षा योजना बनकर उभरी है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 1.58 लाख से अधिक क्रॉनिक हीमोडायलिसिस सत्र आयोजित किए जा चुके हैं, जिससे नियमित डायलिसिस पर निर्भर हजारों किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिली है। इसके अतिरिक्त लगभग 12,400 लैप्रोस्कोपिक गॉलब्लैडर (पित्ताशय) सर्जरी की जा चुकी हैं। इसके अलावा प्राइमरी टोटल नी रिप्लेसमेंट, हिप रिप्लेसमेंट, हिस्टेरेक्टॉमी, सीजेरियन डिलीवरी, सामान्य प्रसव तथा जनरल लैपरोटॉमी जैसी सेवाओं का भी बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने लाभ उठाया है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत सबसे अधिक व्यय वाले उपचारों में प्राइमरी टोटल नी रिप्लेसमेंट पर लगभग ₹70.86 करोड़, पी.टी.सी.ए. विद डायग्नोस्टिक एंजियोग्राम (हृदय में स्टेंट डालने की प्रक्रिया) पर लगभग ₹70.02 करोड़, तथा लैप्रोस्कोपिक गॉलब्लैडर सर्जरी पर लगभग ₹36.28 करोड़ खर्च किए गए हैं। इसके अलावा हिप रिप्लेसमेंट, स्पाइन सर्जरी, कोरोनरी आर्टरी बाईपास ग्राफ्टिंग (सीएबीजी), मोतियाबिंद ऑपरेशन तथा अन्य जटिल सर्जरी भी योजना के तहत निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
श्री गुरशरण सिंह छीना ने कहा कि उपचार के ये आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना राज्य में व्यापक स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। प्रतिदिन हजारों लाभार्थी डायलिसिस, मातृ स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन उपचार तथा जीवन रक्षक सर्जरी का बिना किसी आर्थिक बोझ के लाभ उठा रहे हैं।
अंत में श्री गुरशरण सिंह छीना ने कहा कि पंजाब सरकार राज्यभर में सूचीबद्ध अस्पतालों के नेटवर्क को और मजबूत करने, जन-जागरूकता अभियान तेज करने तथा पंजीकरण प्रक्रिया को और सरल बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार इस योजना का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार इस बात के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी नागरिक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे। यह योजना पंजाब में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज की दिशा में एक नया मील का पत्थर स्थापित कर रही है।






