मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

बहन से छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी, मनचले ने साथियों संग घर में घुस मचाया तांडव

On: August 30, 2026 5:06 AM
हमें फॉलो करें:
ad copy

पंजाब लुधियाना (नितिन): चचेरी बहन के साथ रास्ते में आते-जाते समय छेड़छाड़ और पीछा करने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। मनचले ने रंजिश रखते हुए न केवल शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की, बल्कि देर रात साथियों सहित उसके घर पर धावा बोलकर कार और घर के अंदर जमकर तोड़फोड़ की। परिजनों द्वारा हाथ जोड़ने और मिन्नतें करने के बाद पीड़ित की जान बच सकी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी रोहन साहनी और उसके 2 अज्ञात साथियों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता सागर शर्मा ने बताया कि उसकी चचेरी बहन गायत्री शर्मा को आरोपी रोहन साहनी अक्सर रास्ते में आते-जाते समय रोकता था, पीछा करता था और परेशान करता था। जब पीड़ित ने आरोपी रोहन साहनी को अपनी बहन को तंग न करने के लिए समझाया, तो आरोपी उल्टा बदतमीजी करने लगा और कहने लगा कि “तेरी बहन मुझे अच्छी लगती है।” इसके बाद से ही वह पीड़ित के साथ गहरी रंजिश रखने लगा। बीती 25 अगस्त को आरोपी ने अपने अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को उसके घर के बाहर घेर लिया और उसकी बेरहमी से मारपीट की।

मारपीट की इस घटना के बाद पीड़ित और उसकी बहन ने 27 अगस्त को पुलिस चौकी सुभाष नगर में आरोपी रोहन साहनी के खिलाफ लिखित दरखास्त दी थी। इलाके के गणमान्य लोगों द्वारा दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाकर समझौता करवाने का प्रयास चल रहा था, लेकिन आरोपी के सिर पर गुंडागर्दी सवार थी। बीती 28 अगस्त की दरमियानी रात आरोपी रोहन साहनी अपने 2 अज्ञात साथियों को साथ लेकर पीड़ित के घर के बाहर पहुंचा और गुंडागर्दी का नंगा नाच शुरू कर दिया। 

आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी पीड़ित की सफेद रंग की ग्रैंड आई-10 कार पर हमला कर उसके शीशे व बॉडी बुरी तरह तोड़ दिए। इसके बाद आरोपियों ने मेन गेट को जोरदार धक्के मारकर तोड़ दिया और जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए। शोर सुनकर जब पीड़ित और उसके पारिवारिक सदस्य बाहर आए, तो आरोपियों ने घर के अंदर रखे सामान की तोड़फोड़ शुरू कर दी और पीड़ित पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। पीड़ित के परिजनों ने बीच-बचाव करते हुए रोहन साहनी के आगे हाथ जोड़े और बड़ी मुश्किल से मिन्नतें करके पीड़ित को हमलावरों के चंगुल से बचाया, जिसके बाद आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए।

पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी रोहन साहनी और उसके 2 अज्ञात साथियों के खिलाफ  केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment