अमृतसर ( नितिन ) : जिले में 2 युवकों की दर्दनाक हादसे में मौत होने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, गांव कोहाली में बाबा मीरा पातशाह की दरगाह पर लगे कल्चरल मेले और कुश्ती मैच की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मेला खत्म होने के बाद टेंट उतार रहे 2 मजदूरों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, मेला खत्म होने के बाद जोगिंदर टेंट हाउस लोपोके में काम करने वाले 2 युवक लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर टेंट का सामान उतार रहे थे। इस दौरान अचानक सीढ़ी पर बिजली के तार आ गए, जिससे सीढ़ी बिजली के तारों से छू गई और सीढ़ी में करंट आने से दोनों युवक बुरी तरह झुलस गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक युवकों की पहचान गोरा सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी शाहूरा और सोनू सिंह निवासी थाठी के रूप में हुई है। दोनों मृतक युवक बहुत गरीब परिवारों से थे। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और इस घटना से इलाके में शोक की लहर है।











