अमृतसर(नितिन): कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 9 अवैध पिस्तौल और 6.311 किलो हेरोइन बरामद हुई है। शुरुआती जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे कथित हैंडलरों से संपर्क की बात सामने आई है। इस मामले में थाना कैंटोनमेंट और थाना छेहरटा में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हथियार व हेरोइन की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बरामद नशा और हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। विदेशी हैंडलरों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां व बरामदगी हो सकती है।











