अमृतसर, 10 जुलाई: उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी, अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.)-2026 अभियान के तहत घर-घर सत्यापन तथा गणना प्रपत्रों (Enumeration Forms) के डिजिटाइजेशन कार्य को गति देने के उद्देश्य से 11 जुलाई (शनिवार) एवं 12 जुलाई (रविवार), 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों दिनों प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। वे मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, मतदाता विवरणों का सत्यापन कराने, आवश्यक दस्तावेज़ जमा करवाने तथा गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन संबंधी हर प्रकार की सहायता प्रदान करेंगे।
उपायुक्त ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे इन विशेष शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने गणना प्रपत्र अवश्य जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम पहले से मतदाता सूची में दर्ज हैं, वे भी अपने विवरणों की पुष्टि एवं आवश्यक संशोधन के लिए गणना प्रपत्र अवश्य भरें। इसी प्रकार जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे भी आवश्यक दस्तावेज़ों सहित इन विशेष शिविरों में पहुंचकर पंजीकरण संबंधी मार्गदर्शन एवं सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि शिविरों के दौरान सभी मतदान केंद्र आम जनता के लिए खुले रहें। साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिविर अवधि के दौरान अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा लंबित गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन को प्राथमिकता दें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, बूथ लेवल एजेंटों (बी.एल.ए.-1 एवं बी.एल.ए.-2), विभिन्न विभागों के प्रमुखों तथा जिले के नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग दें तथा अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को इन विशेष शिविरों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।






