कानपुर : कबरई खंड एनएच-34 घाटमपुर में फ्लाईओवर में डेक स्लैब के कंक्रीट में कुछ स्थानों पर दरारें तथा सरियों के दिखाई देने की सूचना मिली। स्थिति की जानकारी मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक श्री पंकज यादव ने तकनीकी टीम एवं कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों के साथ उक्त स्थान का निरीक्षण किया तथा आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
यह क्षति हमीरपुर से कानपुर जाने वाली लेन पर देखी गई है। जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एनएचएआई ने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग के सहयोग से सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए हैं।
एहतियात के तौर पर भारी एवं ओवरलोड वाहनों का आवागमन फ्लाईओवर से हटाकर सर्विस रोड पर डायवर्ट कर दिया गया है, जबकि केवल हल्के वाहनों को नियंत्रित रूप से फ्लाईओवर से गुजरने की अनुमति दी जा रही है। इससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ मरम्मत कार्यों को सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा।
एनएचएआई ने आश्वासन दिया है कि मरम्मत कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार शीघ्रता से पूरा किया जाएगा तथा यातायात को सामान्य रूप से बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे प्रशासन द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते समय सावधानी बरतें।











