मनोरंजन नौकरी टेक्नोलॉजी योजना ऑटोमोबाइल व्यापार खेल राजनीति शिक्षा बैंकिंग जीवनशैली अपराध

लखनऊ कांड में लव जिहाद का शक: अपर्णा यादव बोलीं- यश ठाकुर बनकर आए शाहनवाज ने चढ़ाई कार

On: September 17, 2026 3:00 AM
हमें फॉलो करें:
ad copy

राष्ट्रीय ( नितिन ) : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को एक महिला के चलती कार के बोनट से लटके होने और फिर कार के उसे टक्कर मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। राज्य महिला अधिकार आयोग ने भी इस घटना का संज्ञान लिया और आशंका जताई कि यह सिर्फ हिट एंड रन का मामला नहीं है, बल्कि इसमें लव जिहाद का पहलू भी शामिल है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे गोमतीनगर इलाके में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सफेद कुर्ता और काली सलवार पहने एक महिला सफेद रंग की एक कार के सामने खड़ी दिखाई देती है। कार के आगे बढ़ने पर वह उसके बोनट पर लटक जाती है और कार रोकने के लिए कहती है। कुछ दूर जाकर कार रुकती है, लेकिन चंद पलों बाद ही वह महिला को टक्कर मारते हुए आगे निकल जाती है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी क्षेत्र) लखनऊ दीक्षा शर्मा ने कहा कि पुलिस ने घटना का तुरंत संज्ञान लिया और मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया  कि महिला और मुख्य आरोपी पहले दोस्त थे, लेकिन कुछ समय से उनके बीच कुछ विवाद चल रहा था। आज सुबह भी उनके बीच विवाद हुआ था। आरोपी के साथ कार में उसका एक दोस्त भी मौजूद था और यह घटना तब हुई जब वे वहां से जा रहे थे। शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद हत्या के प्रयास के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान शाहनवाज के तौर पर हुई है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच विवाद की असल वजह का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान अनामिका के रूप में हुई है।

पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने उसे कथित तौर पर अपना नाम ‘यश ठाकुर’ बताया था। हालांकि, पुलिस ने उसकी पहचान छिपाने के इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। अनामिका ने शाहनवाज अली और उसके दोस्त दानिश के ख़िलाफ शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उसने आरोप लगाया कि दोनों ने उनके साथ बदसलूकी की और शाहनवाज ने जान से मारने की नीयत से उसे कुचलने की कोशिश की। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या की कोशिश) और 352 (जानबूझकर अपमान करना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

अनामिका ने अपनी शिकायत में कहा कि वह सुबह करीब साढ़े छह बजे चाय पीने के लिए जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट संख्या-चार पर गई थी तभी शाहनवाज और दानिश कार से वहां पहुंच गये। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया कि शाहनवाज ने उसकी तरफ कार आगे बढ़ाई जिससे उसे मजबूरन कार के बोनट पर चढ़ना पड़ा। अनामिका ने आरोप लगाया कि सड़क पर गिरने के बाद शाहनवाज ने उसे जान से मारने की कोशिश में उस पर गाड़ी चढ़ा दी और गाड़ी लेकर भाग गया।

अनामिका ने मुकदमे में आरोप लगाया कि टक्कर लगने के बाद वह बेहोश हो गई और उसकी छोटी बहन, मौसी और वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। अनामिका ने यह भी आरोप लगाया कि दानिश ने उनके साथ बदसलूकी की और शाहनवाज को उसके ऊपर कार चढ़ाने के लिये उकसाया। इस बीच, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि आयोग ने इस घटना का स्वतः संज्ञान लिया है।

अपर्णा ने एक न्यूज एजेंसी से कहा कि घटना के बारे में पता चलने पर उन्होंने जांच से जुड़े अधिकारियों से संपर्क किया और कहा कि आयोग यह सुनिश्चित करेगा कि मामले की समुचित जांच की जाए। यादव ने इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए आरोप लगाया कि घटना आरोपी के धार्मिक पहचान छिपाने से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि पहचान छिपाने का आरोप और रिश्ते से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच की जाएगी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस आरोप की पुष्टि करने वाला कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। यह घटना गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक चालक को कार से टक्कर मारे जाने की घटना के कुछ ही समय बाद हुई है।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment