ग्रामीण क्षेत्र में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना टीम का लक्ष्य: एड. सत्यप्रकाश अम्बेडकर
- ग्राम भटपुरा में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित, 220 मरीजों की हुई जांच
- 23 मोतियाबिंद मरीज ऑपरेशन के लिए बस द्वारा जानकीकुंड चित्रकूट भेजे गए
मऊरानीपुर/झांसी। राइट विजन वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम भटपुरा में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख मनोज अहिरवार एवं विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बरातीलाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
शिविर में सुप्रसिद्ध संस्थान सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड (चित्रकूट) से आए अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। डॉ. आशीष के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने क्षेत्र से आए लगभग 220 ग्रामीण मरीजों के आंखों की गहन जांच की। इस दौरान सात दर्जन (लगभग 84) से अधिक जरूरतमंद मरीजों को फाउंडेशन की ओर से निःशुल्क चश्मा और दवाइयां वितरित की गईं।
जांच के दौरान लगभग 40 मरीजों में मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) की शिकायत पाई गई। इनमें से 23 गंभीर मरीजों को तुरंत संस्थान की विशेष बस द्वारा निःशुल्क ऑपरेशन के लिए जानकीकुंड, चित्रकूट भेजा गया। डॉ. आशीष ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सद्गुरु सेवा संघ अस्पताल में मरीजों का पूरा ऑपरेशन, रहना और खाना पूरी जिम्मेदारी व देखभाल के साथ पूरी तरह निःशुल्क किया जाता है।
शिविर के मुख्य व्यवस्थापक एडवोकेट सत्यप्रकाश अम्बेडकर ने अतिथियों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी टीम का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है, ताकि धन के अभाव में कोई भी व्यक्ति रोशनी से महरूम न रहे। उन्होंने कहा कि नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में सद्गुरु सेवा संघ का यह मानवीय कार्य बेहद सराहनीय है और फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करता रहेगा।
इस पुनीत कार्य में बृजेश कुमार, एड. दयाराम सुमन, किशोरी बाबू जी, जयप्रकाश, जय हिंद, भूपेंद्र, भगवान दास, हृदेश ककवारा, ईशव खान, मनीष चौधरी, बुद्ध सिंह, बफ़ाती, अनवर, लल्लू चच्चा, राजेश कुमार, संतोष शर्मा, हरिओम शर्मा, दिलीप कुमार, रामस्वरूप शर्मा, श्रीपाल वर्मा तथा मोहनी शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और समाजसेवियों ने अपनी सेवाएं देकर सहयोग किया।











