झांसी/चित्रकूट: अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में बांदा-चित्रकूट धाम मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के मुख्य अतिथि महासभा के प्रदेश महासचिव विजय कुमार कुशवाहा और राष्ट्रीय सचिव उमेश कुमार कुशवाहा (लखनऊ) रहे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष कामता प्रसाद कुशवाहा (प्रधान, महोबा) ने की, जबकि कुशल संचालन हमीरपुर के जिला अध्यक्ष लखनलाल कुशवाहा ने किया।
बैठक के दौरान प्रदेश महासचिव विजय कुमार कुशवाहा ने बांदा-कर्वी चित्रकूट धाम मंडल में संगठन का विस्तार करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया। नई कार्यकारिणी में अजय कुशवाहा (चित्रकूट) को मंडल महासचिव, रामबली कुशवाहा (इंगोहटा, हमीरपुर) को मंडल सचिव, देवी दयाल कुशवाहा (अध्यापक, शिवरामपुर रोड) को चित्रकूट जिला अध्यक्ष, महेश प्रसाद कुशवाहा (कोटेदार) को जिला महामंत्री, बाबूलाल कुशवाहा (जल निगम) को जिला कोषाध्यक्ष, हरिमोहन कुशवाहा (बरेठी असकरन) को जिला उपाध्यक्ष, और शिव स्वरूप कुशवाहा (सीतापुर रोड) व राजेश कुमार कुशवाहा को जिला कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है।
अपने संबोधन में विजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि संगठन का विस्तार ग्रामीण स्तर (जिला, तहसील, ब्लॉक और नगर) तक किया जाएगा। उन्होंने समाज को राजनीतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से सशक्त व शिक्षित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तथागत गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक, चंद्रगुप्त मौर्य, महात्मा ज्योतिबा फूले, माता सावित्री फुले, वीर उधम सिंह सैनी और बिहार लेनिन जगदेव प्रसाद कुशवाहा जैसे महापुरुषों की जयंतियां समय-समय पर मनाई जानी चाहिए ताकि युवा पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास को जान सके। उन्होंने ‘प्रधानी से लेकर राजधानी तक’ समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने, ग्रामीण स्तर पर सामाजिक जनगणना करने और महिलाओं को हर क्षेत्र में बराबरी का हक दिलाने का संकल्प दोहराया।
राष्ट्रीय सचिव उमेश कुमार कुशवाहा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा पिछले 115 वर्षों से देश के 29 राज्यों में समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पीड़ितों की मदद करने तथा समय-समय पर मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर शिक्षा को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बांदा जिला अध्यक्ष रामपाल कुशवाहा लाला, बांदा नगर अध्यक्ष व सभासद क्रांतिकारी लखन कुशवाहा, पूर्व सभासद वृंदावन कुशवाह, रामकिशोर कुशवाहा (पूर्व प्रधान, महुआ), बिहारी लाल कुशवाहा (रेवुना), बाबूलाल कुशवाहा (ठरी), राजेश कुशवाहा (सीतापुर), गिरधारी लाल कुशवाहा, मनमोहन कुशवाहा (ब्लॉक अध्यक्ष, कबरई श्रीनगर, महोबा), सम्राट आशीष कुशवाहा (युवा जिला सचिव, श्रीनगर महोबा), राम आसरे कुशवाहा (एडवोकेट), पी पी कुशवाहा (एडवोकेट व मंडल उपाध्यक्ष), शांताराम कुशवाहा, रामकिशन कुशवाहा और अमित कुशवाहा (जिला महासचिव, बांदा) सहित भारी संख्या में स्वजातीय बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में चित्रकूट धर्मशाला प्रबंधक ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।










