पंजाब गुरदासपुर नितिन : पंजाब की राजनीति में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की पत्नी अमनदीप कौर की चुनाव लड़ने की घोषणा ने नई चर्चा छेड़ दी है। अमेरिका में डेंटिस्ट की पढ़ाई और वहां की जिंदगी छोड़कर पंजाब लौटीं अमनदीप कौर ने डेरा बाबा नानक विधानसभा हलके से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। 18 अक्टूबर को हलके के गांव सर्फकोट में उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी शुरू करने के संकेत दिए। हालांकि, अभी तक उन्होंने किसी राजनीतिक पार्टी का नाम उजागर नहीं किया है।
अमनदीप कौर तीन दिन पहले ही अमेरिका से पंजाब लौटी हैं। उन्होंने कहा कि डेरा बाबा नानक से उनका भावनात्मक रिश्ता है। वह इस हलके की बेटी भी हैं और बहू भी। ऐसे में यहां के लोगों और अपने क्षेत्र की सेवा करना उनका नैतिक फर्ज है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह स्थायी रूप से पंजाब में रहकर लोगों के बीच काम करेंगी।
अमनदीप कौर ने अपने पति जग्गू भगवानपुरिया को गैंगस्टर के रूप में पहचाने जाने पर भावुक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “वे जग्गू नहीं, जगदीप सिंह अठवाल हैं।” उन्होंने कहा कि कोई भी मां के पेट से गैंगस्टर पैदा नहीं होता और उनके पति को एक आम इंसान के रूप में देखा जाना चाहिए। अमनदीप ने कहा कि जब कोई उनके पति को जग्गू भगवानपुरिया कहता है, तो उनके दिल पर क्या गुजरती है, इसे समझना चाहिए। उन्होंने पति के नाम के साथ जुड़े गैंगस्टर के टैग को खत्म करने की बात कही और लोगों से उन्हें जगदीप सिंह के रूप में देखने की अपील की।

असम की जेल में बंद है जग्गू भगवानपुरिया
जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया इस समय असम की जेल में बंद है। अब उनकी पत्नी के डेरा बाबा नानक से चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद पंजाब की राजनीति में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, अमनदीप कौर ने अभी अपनी पार्टी और चुनावी रणनीति को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है।










