चंडीगढ़ नितिन ) : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 28 अगस्त को पंजाब के दौरे पर आ रहे हैं। रक्षाबंधन के मौके पर होने वाले इस दौरे के दौरान वह पंजाब के अलग-अलग स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। बताया जा रहा है कि इन बैठकों में पंजाब से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। साथ ही पार्टी की आगामी रणनीति और संगठन को मजबूत करने को लेकर भी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान 28 अगस्त को पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। रक्षाबंधन और रक्खड़ पुनिया के अवसर पर वह धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ किसानों से भी मुलाकात करेंगे। दौरे के दौरान शिवराज सिंह चौहान अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में माथा टेकेंगे। इसके बाद वह बाबा बकाला के उमरा नंगल गांव पहुंचेंगे, जहां विशेष ‘किसान चौपाल’ में किसानों से संवाद करेंगे।
जिक्रयोग्य है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए BJP ने पंजाब में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी लगातार संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर रही है। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान का पंजाब दौरा भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में पंजाब में BJP के कई बड़े नेताओं के दौरे और कार्यक्रम देखने को मिल सकते हैं। पार्टी की बढ़ती सक्रियता से प्रदेश में सियासी हलचल और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।






