भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय टीम का ऐलान किया है। अश्विन ने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए रोहित शर्मा, विराट कोहली और शुभमन गिल को टीम का अहम हिस्सा बताया। वहीं उन्होंने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए भुवनेश्वर कुमार की वापसी की वकालत की, जबकि ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर को अपनी टीम में जगह नहीं दी।
अश्विन ने चुनी अपनी ODI World Cup 2027 टीम
ESPN क्रिकइन्फो के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान रविचंद्रन अश्विन ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी संभावित भारतीय टीम चुनी। उन्होंने बल्लेबाजी क्रम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और ईशान किशन पर भरोसा जताया। ऑलराउंडर के तौर पर अश्विन ने हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को चुना। स्पिन विभाग में उन्होंने कुलदीप यादव को प्राथमिक स्पिनर माना, जबकि तेज गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और भुवनेश्वर कुमार को जगह दी।
रोहित-विराट पर जताया पूरा भरोसा
अश्विन का मानना है कि 2027 वर्ल्ड कप में भी रोहित शर्मा और विराट कोहली भारतीय टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ बने रह सकते हैं। उन्होंने दोनों दिग्गजों के अनुभव को टीम के लिए बेहद अहम बताया और कहा कि बड़े टूर्नामेंट में उनका योगदान निर्णायक साबित हो सकता है।
भुवनेश्वर कुमार की वापसी की वकालत
अश्विन का सबसे बड़ा चौंकाने वाला फैसला भुवनेश्वर कुमार को अपनी टीम में शामिल करना रहा। उनका मानना है कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में भुवनेश्वर का अनुभव भारत के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। 36 वर्षीय भुवनेश्वर ने हाल के समय में अपनी गेंदबाजी में कई बदलाव किए हैं। स्विंग के अलावा उन्होंने यॉर्कर और स्लोअर गेंदों पर भी काफी काम किया है। IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में भी उनका अहम योगदान रहा था।
भुवनेश्वर ने नवंबर 2022 के बाद भारत के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है, लेकिन उनके नाम 229 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 294 विकेट दर्ज हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 141 विकेट हासिल किए हैं।
पंत और वॉशिंगटन सुंदर को नहीं मिली जगह
अश्विन की टीम में सबसे बड़ा सरप्राइज ऋषभ पंत और वॉशिंगटन सुंदर का बाहर होना रहा। इसके अलावा शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को भी उन्होंने अपनी मुख्य टीम में शामिल नहीं किया।
इन खिलाड़ियों पर अभी भी सस्पेंस
अश्विन ने कुछ खिलाड़ियों के भविष्य पर फैसला सुरक्षित रखा। मोहम्मद शमी, संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और नितीश कुमार रेड्डी को उन्होंने “अभी तय नहीं” वाली सूची में रखा।
अश्विन की संभावित ODI World Cup 2027 टीम
रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, भुवनेश्वर कुमार।







