पंजाब लुधियाना (नितिन): महानगर के व्यस्त चंडीगढ़ रोड पर वर्धमान लाइटों के नजदीक हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टाटा ट्रक के चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा पेश आया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए अपने आधिकारिक बयानों में बताया कि 6 सितंबर को उसका भाई संदीप ढींगरा (उम्र करीब 29 वर्ष) चंडीगढ़ रोड स्थित वर्धमान लाइटों के पास से गुजर रहा था। उसी दौरान टाटा ट्रक (नंबर: PB10JA-7482) के चालक बॉबी कुमार ने अपने वाहन को अत्यधिक लापरवाही और तेज गति से चलाते हुए संदीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 29 वर्षीय युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। मुद्दई के बयानों के आधार पर पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। दौराने तफ्तीश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हादसे के जिम्मेदार आरोपी चालक बॉबी कुमार को गिरफ्तार कर लिया है तथा दुर्घटना में शामिल टाटा ट्रक (PB10JA-7482) को भी जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







