फिरोजपुर पंजाब (नितिन): नशे और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत थाना जीआरपी फिरोजपुर की पुलिस ने 2 आरोपीयों को 18 किलो 400 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरी घटना में एक रेलगाड़ी में से जीआरपी पुलिस को लावारिस हालत में पड़ा 30 किलो 500 ग्राम गांजा मिला है।
यह जानकारी देते हुए थाना जीआरपी फिरोजपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर नवीन कुमार ने बताया कि जब एएसआई जतिंदर सिंह के नेतृत्व में उनकी पुलिस पार्टी चेकिंग कर रही थी तो उन्होंने 2 संदिग्ध व्यक्तियों को रोक कर जब चेकिंग की तो उनसे 18 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ और पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को अपना नाम शिवचरण पुत्र नरेश और शिवराज सिंह पुत्र राज सिंह बताया जिनके खिलाफ थाना जीआरपी फिरोजपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसएचओ इंस्पेक्टर नवीन कुमार ने बताया कि एक और घटना में एएसआई सुरजीत सिंह और उनकी पुलिस पार्टी जब एंटी सबूटेज चेकिंग के संबंध में रेलवे स्टेशन फिरोजपुर कैंट पर मौजूद थी तो उन्हें यह गुप्त सूचना मिली के वॉशिंग लाइन फिरोजपुर पर खड़ी त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस रेलगाड़ी के जनरल डब्बे में सीट पर एक लावारिस थैला पड़ा हुआ है और एएसआई सुरजीत सिंह और उनकी पुलिस पार्टी ने जब उस डब्बे में चेकिंग की तो वहां पर एक लावारिस हालत में पड़ा हुआ थैला बरामद किया जिसमें से 30 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है।







