Instagram Influencer निकला नशा और हथियार तस्कर! साथी समेत गिरफ्तार

On: November 14, 2026 9:21 PM
हमें फॉलो करें:

ad copy

पंजाब ( नितिन ) : पंजाब सरकार की राज्य स्तरीय नशा विरोधी मुहिम “युद्ध नशेयां विरुद्ध” और पुलिस कमिश्नर लुधियाना के कड़े दिशा-निर्देशों के तहत कमिश्नरेट पुलिस को नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच, लुधियाना की टीम ने 2 कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 160 ग्राम आइस ड्रग (मेथामफेटामाइन), 3 अवैध पिस्तौल (.32 और .30 बोर), 12 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक टोनी चौहान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय है और उसके करीब 2 लाख फॉलोअर्स हैं, जिसकी आड़ में वह अपराध और नशे के काले कारोबार से जुड़ा हुआ था।

आला अधिकारियों की निगरानी में क्राइम ब्रांच टीम का सफल ऑपरेशन

यह विशेष कार्रवाई डी.सी.पी. इन्वेस्टिगेशन हरपाल सिंह (पी.पी.एस.), ए.डी.सी.पी. इन्वेस्टिगेशन रुपिंदर कौर भट्टी (पी.पी.एस.), ए.सी.पी. डिटेक्टिव-1 हरशप्रीत सिंह (पी.पी.एस.) और ए.सी.पी. डिटेक्टिव-2 दीप करन सिंह (पी.पी.एस.) की कड़ी निगरानी में अंजाम दी गई। क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान  टोनी चौहान पुत्र विजय कुमार निवासी संतपुरा नगर, थाना टिब्बा (लुधियाना), बलराम कुमार उर्फ वीरू पुत्र बूटी राम निवासी ताजपुर रोड, थाना डिवीजन नंबर-7 (लुधियाना) के रूप में हुई है।

बाहरी जिलों से लाते थे खेप, पुलिस से बचने के लिए बाहरी इलाकों में बनाते थे ठिकाना

प्रारंभिक पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी बेहद शातिर तरीके से काम करते थे। वे लुधियाना जिले से बाहर के सप्लायरों से नशीले पदार्थ और अवैध हथियार मंगवाकर विभिन्न इलाकों में सप्लाई करते थे। पुलिस की निगरानी और मुखबिरों की नजर से बचने के लिए आरोपी शहर के बाहरी इलाकों में किराये के मकानों या गुप्त ठिकानों पर रहते थे और लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे।

आरोपियों से हुई कुल बरामदगी का ब्यौरा

क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशा व असलहा जब्त किया है। नशीला पदार्थ: 160 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन), अवैध हथियार: .32 बोर की 02 पिस्तौल तथा .30 बोर की 01 पिस्तौल (कुल 3 पिस्तौल), कारतूस: 12 जिंदा राउंड, वाहन: 01 मोटरसाइकिल

कत्ल और हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों में नामजद हैं दोनों शातिर

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। टोनी चौहान के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-4 में एफ.आई.आर. नंबर 32 (दिनांक 19.06.2024) के तहत आई.पी.सी. की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 323, 341, 160, 336, 506, 148, 149 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। बलराम कुमार उर्फ वीरू यह हत्या जैसे संगीन अपराध में शामिल रहा है। इसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-2 में एफ.आई.आर. नंबर 114 (दिनांक 15.07.2022) के तहत हत्या (धारा 302), सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने (353, 186) व आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है। इसके अलावा थाना डिवीजन नंबर-7 में 18.08.2025 को एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21-बी के तहत एफ.आई.आर. नंबर 212 दर्ज है।

सोशल मीडिया फॉलोअर्स की आड़ व पुलिस की युवाओं से अपील

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी टोनी चौहान के इंस्टाग्राम पर करीब 2 लाख फॉलोअर्स हैं। लुधियाना पुलिस ने शहर के युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी व्यक्ति की सोशल मीडिया पर मौजूदगी, रील या फॉलोअर्स की भारी संख्या से प्रभावित होकर उसकी गतिविधियों का समर्थन न करें—खासकर तब, जब वह व्यक्ति नशा तस्करी या आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो।

फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंक्स और अवैध संपत्तियों की भी होगी जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनके पूरे फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स खंगाले जा रहे हैं, ताकि मुख्य सप्लायरों और स्थानीय खरीदारों को बेनकाब किया जा सके। इसके साथ ही आरोपियों के वित्तीय लेन-देन और नशे की काली कमाई से बनाई गई चल-अचल संपत्तियों की भी बारीकी से जांच की जाएगी, जिन्हें कानून के तहत फ्रीज या जब्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
 

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

फेसबुक से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment