पंजाब (नितिन): फरीदकोट के कोटकपूरा रोड पर फ्लिपकार्ट के एक कर्मचारी से बाइक सवार 2 युवकों द्वारा तेजधार हथियार दिखाकर लाखों रुपए की नकदी लूटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले कर्मचारी की स्कूटी को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया और फिर नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोटकपूरा रोड स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में काम करने वाला विक्रम सिंह बुधवार शाम करीब 4 बजे कार्यालय से नकदी बैग में डालकर स्कूटी पर बैंक जा रहा था। बताया जा रहा है कि उसके बैग में करीब 4.50 लाख रुपए थे। जब वह कार्यालय से कुछ ही दूरी पर पहुंचा तो पीछे से आए बाइक सवार 2 युवकों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद दोनों युवकों ने उसे तेजधार हथियार दिखाकर डराया और नकदी से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए।
इस घटना के संबंध में डी.एस.पी. तरलोचन सिंह ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।








