अल जजीरा ने हूतियों के बयान का हवाला देते हुए बताया, 'हम सभी कर्मचारियों, मजदूरों और इन बंदरगाहों के आसपास मौजूद किसी भी व्यक्ति को चेतावनी देते हैं कि वे तुरंत वहां से चले जाएं और इन जगहों से दूर रहें।' इसमें आगे कहा गया, 'हम सभी शिपिंग कंपनियों से भी अपील करते हैं कि वे तुरंत अपने जहाजों को इन बंदरगाहों से हटा लें।' इससे पहले सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने होदेइदाह बंदरगाह पर मौजूद नागरिकों के लिए एक चेतावनी जारी की थी, जिसमें उनसे अपनी सुरक्षा के लिए उस इलाके को छोड़ने को कहा गया था। यह बंदरगाह यमन के लाल सागर तट पर स्थित है।
उन्होंने 'X' (ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, 'गठबंधन की संयुक्त सेना कमान नागरिकों से अपील कर रही है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए होदेइदाह बंदरगाह (जैसा कि लोकेशन मैप में दिखाया गया है) को खाली कर दें।' हूतियों से जुड़े मीडिया आउटलेट्स ने बताया कि सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हवाई हमले किए हैं; यह इलाका हूती सशस्त्र समूह के नियंत्रण में है।
इस बीच सऊदी अरब की राजधानी रियाद में 'फाइनेंशियल सेंटर' के एक टावर को निशाना बनाकर किए गए हमले में 11 लोग घायल हो गए। सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बताया कि यह हमला कथित तौर पर यमन के हूतियों द्वारा किया गया था। सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने 'X' पर एक बयान में बताया कि घायलों में दो सऊदी नागरिक, तीन नेपाली नागरिक और चार मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं। सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि रियाद शहर में फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर पर हौथी आतंकवादी मिलिशिया ने हमला किया जिसमें 11 लोग घायल हो गए। घायलों में दो नागरिक, भारतीय मूल के दो निवासी, नेपाल के तीन निवासी और मिस्र के चार निवासी शामिल हैं।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें