📅 मंगलवार, 24 नवंबर 2026 🕒 07:12:31 PM (IST)
ट्रैवल

जालंधर में कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा! टूटने लगी गुलाब देवी रोड की पुली, नई पुलियों का काम नहीं हो रहा शुरू

🕒 प्रकाशित: 24-11-2026, 01:03 PM
📍 समाचार स्थान: Jalandhar, Punjab, India
जालंधर में कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा! टूटने लगी गुलाब देवी रोड की पुली, नई पुलियों का काम नहीं हो रहा शुरू - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें
जालंधर (नितिन): गुलाबदेवी अस्पताल रोड पर शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के नजदीक बनी पुरानी पुली अब जर्जर हालत में पहुंचने लगी है। पुली का एक हिस्सा टूटने लगा है और समय रहते इसकी मरम्मत न हुई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। हैरानी की बात है कि जहां एक तरफ पुरानी पुली की रिपेयर तक नहीं करवाई जा रही, वहीं इसके स्थान पर बनने वाली नई पुली का काम भी लंबे समय से शुरू नहीं हो पाया है।

करीब 2.25 करोड़ रुपये की लागत से गुलाब देवी अस्पताल रोड और आर्य नगर-मधुबन कॉलोनी क्षेत्र में दो पुलियां बनाई जानी हैं। इनके टेंडर फरवरी-मार्च 2026 में अलॉट हुए थे और 4 अप्रैल को उद्घाटन भी कर दिया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। गुलाब देवी रोड की मौजूदा पुली करीब 20 फीट चौड़ी है, जबकि नई पुली लगभग 40 फीट चौड़ी बनाई जानी है। इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। पुली की कम चौड़ाई के कारण अक्सर जाम लगता है और अब इसकी टूटती हालत ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

पेमैंट के इंतजार में ठेकेदार, काम शुरू नहीं किया जा रहा
सूत्रों के अनुसार दोनों पुलियों का निर्माण करने वाले ठेकेदार की नगर निगम में करीब दो से अढाई करोड़ रुपये की पेमेंट बकाया है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार निगम से अपनी पुरानी पेमेंट जारी करने की मांग कर रहा है। माना जा रहा है कि जब तक भुगतान का रास्ता साफ नहीं होता, तब तक वह पुलियों का काम शुरू करने से बच रहा है। इसकी एक वजह यह भी बताई जा रही है कि यदि एक बार निर्माण कार्य शुरू हो गया तो बीच में उसे रोकना या आगे लटकाना आसान नहीं होगा। हालांकि इस संबंध में निगम की ओर से कोई आधिकारिक स्थिति सामने नहीं आई है।

आर्थिक संकट से निगम का विकास कार्य प्रभावित
नगर निगम इन दिनों आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ठेकेदारों की करोड़ों रुपये की पेमेंट लंबे समय से बकाया होने के कारण शहर के कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि ज्यादातर ठेकेदारों ने भुगतान न मिलने के कारण अपने काम रोक दिए हैं। सड़कों पर लुक डालने वाले ठेकेदारों ने भी काम बंद कर रखे हैं, जिससे शहर में कई विकास कार्य अधर में लटके हुए हैं।

ऐसे हालात में गुलाब देवी रोड की पुरानी पुली की खराब हालत और नई पुलियों का निर्माण शुरू न होना क्षेत्रवासियों के लिए दोहरी परेशानी बन गया है। लोगों का कहना है कि नई पुलियों का निर्माण जब तक शुरू नहीं होता, तब तक कम से कम पुरानी पुली की तुरंत मरम्मत करवाई जाए, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके। साथ ही निगम को ठेकेदार की बकाया पेमेंट का समाधान कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाना चाहिए।
Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।