📅 सोमवार, 23 नवंबर 2026 🕒 06:35:24 PM (IST)
न्यूज़

रेशम उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री राकेश सचान

🕒 प्रकाशित: 23-11-2026, 05:35 PM
📍 समाचार स्थान: Lucknow, Uttar Pradesh, India
रेशम उत्पादन बढ़ाकर किसानों की आय में वृद्धि करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री राकेश सचान - Photo 1
अक्षर का आकार बदलें
लखनऊ : प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने सोमवार को डालीबाग, लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के खादी भवन सभागार में रेशम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, कृषक प्रशिक्षण एवं विभागीय प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेशम उत्पादन को बढ़ावा देकर प्रदेश के रेशम कृषकों की आय में निरंतर वृद्धि करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागीय योजनाओं के अंतर्गत शहतूत वृक्षारोपण, कीटपालन गृह निर्माण और उपकरण वितरण का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के उपरांत ही अगली किस्त की धनराशि जारी की जाए, ताकि कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे और किसी भी स्तर पर वित्तीय अनियमितता या शिथिलता की गुंजाइश न रहे।
News Image

समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा 'मुख्यमंत्री रेशम विकास योजना', 'सिल्क समग्र-2' योजना तथा 'राज्य कृषि विकास योजना' (एस.ए.डी.पी.) सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति आख्या विस्तार से प्रस्तुत की गई। बैठक में अवगत कराया गया कि वर्ष 2026-27 में उत्पादित होने वाली सभी कोया फसलों पर न्यूनतम फ्लोर प्राइस (एमएसपी) लागू किए जाने तथा प्रदेश के 16 जनपदों— बहराइच, गोण्डा, लखीमपुर, सीतापुर, कुशीनगर, बस्ती, गोरखपुर, औरैया, मेरठ, सहारनपुर, सोनभद्र, झांसी, फतेहपुर, कानपुर नगर, वाराणसी एवं पीलीभीत में कोया मंडियों की स्थापना से रेशम कृषकों को बड़ा आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में अब तक 275 प्राथमिक रेशम सहकारी समितियों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 25 समितियों के जन सुविधा केंद्र भी खोले गए हैं। साथ ही पोस्ट-ककून तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय रेशम बोर्ड के सहयोग से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।


प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए मंत्री राकेश सचान ने कहा कि कृषकों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता न बनाकर अत्यंत व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाया जाए।  राज्यीय एवं अंतर्राज्यीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रेशम क्षेत्र के वरिष्ठ एवं अनुभवी वैज्ञानिकों को आमंत्रित किया जाए, ताकि किसान आधुनिक तकनीकों से जुड़कर अधिक उत्पादन कर सकें। मंत्री ने रेशम उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग और कारीगरों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से भव्य 'सिल्क एक्सपो' आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

Earth News Network
समाचार अपलोड करने वाले Earth News Network Reporter / News Contributor
हमसे जुड़ें

इस खबर को शेयर करें

पाठकों की टिप्पणियां (0)

अभी कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी आप लिखें!

✍️ अपनी टिप्पणी लिखें

टिप्पणी एडमिन की स्वीकृति के बाद प्रकाशित होगी।