बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। सरकार एवं संगठन के बीच उम्दा तालमेल को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार यानी 10 जुलाई को कई घोषणाएं की है। उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए की बिहार के शीर्ष नेताओं व प्रदेश अध्यक्षों एवं जिलाध्यक्षों की बैठक में इस वर्ष 15 अगस्त के बाद जिलेवार दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा करने की जानकारी दी है। साथ ही, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बारी-बारी से राज्य के विभिन्न जिलों में जायेंगे और रात्रि विश्राम भी करेंगे। राजधानी पटना में लोक सेवक आवास स्थित नेक संवाद में हुई बिहार एनडीए की इस बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की हुई। जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए के नेताओं एवं जिलाध्यक्षों के साथ नियमित संवाद और बैठक की परंपरा स्थापित कर बिहार में एनडीए गठबंधन को मजबूत आधार प्रदान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। अब मुख्यमंत्री के साथ एनडीए घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष कम से कम तीन माह के अंतराल पर मिलकर समस्याओं से अवगत करा सकते हैं। यानी की हर तीन माह पर मुख्यमंत्री की एनडीए पांचों दल के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक होगी। इस दौरान जिलाध्यक्षों ने जिलों के प्रभारी मंत्रियों के प्रति अपनी शिकायत से नेतृत्व को अवगत कराया। निर्णय हुआ कि अब जिलों के दौरे से पूर्व प्रभारी मंत्री एनडीए के सभी जिलाध्यक्षों को सूचित करेंगे। साथ ही, बैठक में सहभागिता भी जिलाध्यक्षों की होगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार ने प्रत्येक माह जनकल्याण के लिए पांच विशेष कार्य दिवस निर्धारित किए हैं। प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को प्रखंड स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं। यदि किसी आवेदक की समस्या का समाधान संतोषजनक नहीं होता है, तो उसका निपटारा प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को मुख्यमंत्री स्तर पर आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में किया जाएगा। आम नागरिकों को त्वरित राहत और न्याय उपलब्ध कराना एनडीए सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक माह की 10 तारीख को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत लगभग एक करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन राशि भेजी जाती है।
राज्य के समग्र ग्रामीण विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ’पंचायत विकास दिवस’ का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्णय से पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में मार्च माह से पूर्व पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के निर्माण का कार्य प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 20 सूत्री समिति एवं नागरिक परिषद की बैठकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे तथा आवश्यकतानुसार जिला स्तर पर समिति के गठन पर भी विचार किया जाएगा।
इस बैठक को बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार, जद(यू.) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, नमो सरकार के केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, एनडीए घटक दलों के प्रदेश अध्यक्ष, सम्राट मंत्रिमंडल के सभी मंत्रिगण तथा सात विभिन्न जिलों के एनडीए के जिलाध्यक्षों ने संबोधित किया।












