बिहार (अफजल इमाम ’’मुन्ना’’)। बिहार में राजधानी पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर मुकाबला लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। एनडीए समर्थित भाजपा ने इस सीट से अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को अपना प्रत्याशी बनाया है। अब भाजपा की जीत की रणनीति तैयार करने के लिए खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नवीन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से राज्य की राजधानी पटना पहुंचेंगे। क्योंकि, बांकीपुर विधानसभा सीट पर उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। बांकीपुर सीट लम्बे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। खुद नितिन नवीन यहां से 5 बार विधायक रह चुके हैं। बिहार से राज्यसभा में जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी, जिसके बाद अब यहां उपचुनाव होने जा रहा है। ऐसे में भाजपा इस सीट को किसी भी कीमत पर बचाना चाहती है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पटना दौरा इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 जुलाई को दो दिवसीय बिहार दौरे पर राजधानी पटना आ रहे हैं। जहां वे भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार ’बंटी’ के नामांकन में शामिल हो सकते हैं। 10 जुलाई को वे वापस दिल्ली लौटेंगे। बांकीपुर उपचुनाव की घोषणा के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा होगा। पटना पहुंचने के बाद वे सबसे पहले पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद बांकीपुर से एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार ’बंटी’ के समर्थन में होने वाली जनसभा में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार ’बंटी’ के नामांकन कार्यक्रम में भी मौजूद रह सकते हैं। इसके बाद वे बिहार भाजपा के बड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में बांकीपुर उपचुनाव की रणनीति और राज्य की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा होगी। 10 जुलाई को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर एनडीए समर्थित दलों के जिला अध्यक्षों की बैठक होनी है। जहां सूबे के मुख्यमंत्री रह चुके जद(यू.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हो सकते हैं। जहां इस दौरान चुनावी तैयारियों व एनडीए को मजबूत करने पर चर्चा होनी तय है।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। भाजपा ने अभिषेक कुमार ’बंटी’ को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, देश के चर्चित चुनावी रणनीतिकार रह चुके प्रशांत किशोर यानी पीके जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। राजद ने रेखा गुप्ता को दूसरी बार प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में भाजपा के लिए यह सीट बचाना आसान नहीं माना जा रहा है। यही वजह है कि नितिन नवीन खुद मैदान में उतरकर जीत की रणनीति तैयार करेंगे। भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ’एक्स’ पर अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अभिषेक कुमार ’बंटी’ बांकीपुर के लाल हैं। वे भाजपा के ऐसे जमीनी, स्थानीय और युवा कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक कई जिम्मेदारियां निभाई। नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर की जनता उन्हें भी सेवा का अवसर जरूर देगी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने उन्हें सेवा का मौका दिया था और अब अभिषेक कुमार ’बंटी’ को भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा। इस वर्ष 30 जुलाई को होने वाले इस उपचुनाव में अब सबकी नजर बांकीपुर विधानसभा सीट के सियासी मुकाबले पर टिकी है। अब देखना है कि ‘ऊंट’ किस करवट बैठता है। यह तो वक्त आने पर ही पताचल सकता है।

बता दें कि, एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी अभिषेक कुमार ’बंटी’ कायस्थ समाज से आते हैं और पिछले करीब 26 वर्षों से भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। वे वर्तमान में भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। संगठन में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक उन्होंने कई जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्हें नितिन नवीन का करीबी भी माना जाता है और लम्बे समय से उनके साथ संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। नितिन नवीन भी कायस्थ समाज से ही आते हैं और करीब दो दशक तक इस क्षेत्र के विधायक रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में पटना पश्चिम सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में पहली बार प्रवेश किया था। 2008 के परिसीमन के बाद यही सीट बांकीपुर विधानसभा बन गई। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनाव लगातार जीते। 2025 में उन्होंने राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को करीब 51 हजार से ज्यादा वोटों से पराजित कर अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा में जाने के बाद इस्तीफे से खाली हुई इस सीट पर सभी प्रमुख दलों की नजरें टिकी हैं। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है। जबकि, 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया जाना तय है।









